MP Cold Alert Today: मध्यप्रदेश एक बार फिर कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। यहां कई जिलों में जहां शीतलहर ने लोगों को हलाकान कर रखा है तो कई जिलों में कोल्ड डे के चलते दिन में भी राहत नहीं मिल रही है। पचमढ़ी में कल पारा शून्य पर आ गया था वहीं बीती रात प्रदेश के राजगढ़ में देश भर में सबसे कम 1.6 डिग्री सेल्सियस तापमाप रिकार्ड किया गया है। इधर आज गुरुवार को भी प्रदेश के 11 जिलों में कोल्ड डे (शीतल दिन) का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। दूसरी ओर कल 10 जनवरी को प्रदेश के 3 जिलों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आज गुरुवार को प्रदेश के राजगढ़, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मंदसौर और नीमच जिलों में शीतल दिन रहेगा। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, नर्मदापुरम्, बैतूल, शाजापुर जिलों में शीतलहर चलेगी। उधर राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र द्वारा आज सुबह दी गई जानकारी के अनुसार बुधवार-गुरुवार की रात्रि में देश भर में सबसे कम तापमान मध्यप्रदेश के राजगढ़ में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा कल जानकारी दी गई थी कि 10 जनवरी को श्योपुर, गुना और अशोक नगर में बारिश की होने की संभावना है। इनके अलावा 11 जनवरी को रायसेन, विदिशा, सागर, दमोह, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, ग्वालियर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मुरैना, भिंड जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं 12 जनवरी को डिंडोरी, दमोह, पन्ना, सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना जिलों में बारिश होने की संभावना है।
जनवरी में रिकॉर्ड तोड़ रही है ठंडी
गौरतलब है कि इस साल जनवरी माह में कड़ाके की ठंड सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए नजर आ रही है। भोपाल में ठंड ने पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बताया जाता है कि जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में बर्फ गिर रही है। दूसरी ओर उत्तरी भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 268 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है। यह हवाएं ही उत्तर भारत से ठंडी हवाएं ला रही है। संभावना जताई जा रही है कि अगले 20 से 22 दिनों तक इसी तरह शीतलहर का मौसम बना रहेगा।
कल तापमान की यह रही थी स्थिति
इससे पहले कल प्रदेश में सबसे कम 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान पचमढ़ी में दर्ज किया गया। वहीं राजगढ़ में 1.6, शाजापुर के गिरवर में 2, सीहोर में 2.7, भोपाल में 3.6, बैतूल में 6.7, बड़वानी में 6.7, छिंदवाड़ा में 5.6, सिवनी में 8.6, धार में 5.8, नर्मदापुरम में 9.4, इंदौर में 6.6, देवास में 10.6, उज्जैन में 6, रतलाम में 5.8, रायसेन में 5.1, मंडला में 5.1, जबलपुर में 7, अनूपपुर में 6.5, उमरिया में 5.5, नीमच में 4.7, रतलाम में 5.8, गुना में 5.4, सागर में 7.1, दमोह में 7.5, ग्वालियर में 6.6, शिवपुरी में 7.6, निवारी 6.8, टीकमगढ़ में 6.5, खजुराहो में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान खंडवा में 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।