Mahila Samman Yojana : मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अब देश की सबसे लोकप्रिय योजना बन चुकी है। चुनावों के दौरान तो यह योजना जादुई असर करती है। यही कारण है कि आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल भी इसके मुरीद हो गए हैं। अब उन्होंने भी ‘महिला सम्मान योजना’ के नाम से यह योजना लागू करने का ऐलान कर दिया है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को वैसे तो मध्यप्रदेश और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा शुरू किया जाना माना जाता है, लेकिन ऐसा नहीं है। दरअसल, मध्यप्रदेश के पहले यह योजना देश के एक और राज्य में लागू हो चुकी थी। वहां इसके पॉजीटिव नतीजे नजर आने के बाद इसे मध्यप्रदेश में लागू किया गया था। इस बारे में हम बाद में चर्चा करेंगे। इसके पहले देखते हैं कि दिल्ली की महिला सम्मान योजना क्या है और इसमें कितनी राशि प्रदान की जाएगी।
क्या है दिल्ली की महिला सम्मान योजना
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने महिला सम्मान योजना की घोषणा की है। इसमें 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1-1 हजार रुपए दिए जाएंगे। इस योजना के लिए शुक्रवार से रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिए हैं। हालांकि राशि चुनाव के बाद ही मिलना शुरू होगी।
राशि बढ़ कर हो जाएगी 2100 रुपये
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बाद इस योजना की राशि आने लगेगी और तब राशि को बढ़ाकर 2100 रुपये महीना कर दिया जाएगा। केजरीवाल ने इसी साल मार्च में इस योजना का ऐलान किया था। दिल्ली के 11 जिलों में 70 विधानसभा सीटें हैं। इन पर इस बार 67 लाख से ज्यादा महिला वोटर हैं। इन्हें ध्यान में रख कर ही योजना लाई गई है।
पश्चिम बंगाल से हुई थी शुरूआत
इस योजना के बारे में यही माना जाता है कि यह एमपी से शुरू हुई थी, लेकिन ऐसा नहीं है। मध्यप्रदेश से भी पहले यह योजना पश्चिम बंगाल में शुरू हो चुकी थी। वहां फरवरी 2021 में लक्ष्मी भंडार योजना शुरू की गई थी। इसमें गरीब परिवारों की महिला मुखिया को हर महीने एक हजार रुपये दिए गए। इसके बाद मई में विधानसभा चुनाव हुए जिसमें ममता बनर्जी ने जीत दर्ज की।
मध्यप्रदेश से छा गई देश भर में
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सितंबर 2022 में प्यारी बहना योजना लेकर आई। अगले माह ही वहां चुनाव हुए और उसमें जीत हासिल की। वहां 1500 रुपए दिए जा रहे हैं। इसके बाद मध्यप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जून 2023 में लाड़ली बहना लाए। इसकी शुरूआत 1000 रुपये से हुई और फिर 1250 देने शुरू किए गए। यहां से योजना देश भर में छा गई। छत्तीसगढ़ में नवंबर 2023 में भाजपा ने महतारी वंदन योजना घोषित की और चुनाव जीती। वहां एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
इन राज्यों ने भी अपनाई यह योजना
इसके बाद तमिलनाडु 2023 से महिला मुखिया को 1 हजार रुपये प्रति माह दिए जाने लगे। कर्नाटक में मई 2023 के चुनाव में कांग्रेस ने 2 हजार रुपये हर माह की गृह लक्ष्मी योजना की घोषणा की। नतीजतन चुनाव में कांग्रेस 135 सीटें जीती। हरियाणा में अक्टूबर 2024 में चुनाव से पहले भाजपा ने 2100 रुपये माह देने का वादा किया। महाराष्ट्र में महायुति सरकार ने अगस्त माह में मुख्यमंत्री मांझी लाडकी बहिन योजना लाई। वहां खाते में 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं।