Duniya Ke Anokhe Sthan (1) : दुनिया में कई विचित्र और अनोखे स्थान हैं। अपनी विशिष्टता के चलते वे अपनी एक अलग ही जगह बना लेते हैं। ऐसी ही एक जगह है वेनेजुएला, ब्राजील और गुयाना की सीमाओं के संगम पर स्थित मोंटे रोराइमा (Mount Roraima) नामक स्थान। इसे टेबल माउंटेन के नाम से भी जाना जाता है। अपनी विचित्रताओं के कारण यह दुनिया का सबसे अनोखा स्थान माना जाता है।
मोंटे रोराइमा, दुनिया की सबसे अनोखी चमत्कारिक जगह मानी जाती है। इसकी चोटी सपाट है और करीब 400 मीटर ऊंची खड़ी चट्टानों के कारण इसे दुनिया के सबसे प्राचीन भूभागों में से एक माना जाता है। यह स्थान दक्षिण अमेरिका के गुएना हाइलैंड्स में है। इसकी ऊंचाई 2810 मीटर या 9220 फीट है। इसकी चोटी का क्षेत्रफल 31 वर्ग किलोमीटर के लगभग है। कहा जाता है कि यह चट्टान Precambrian काल में बनी है जो करीब 2 अरब साल पुरानी है।
रहस्यमय और अलौकिक है वातावरण
मोंटे रोराइमा नामक स्थान का वातावरण बेहद रहस्यमय और अलौकिक लगता है। इसकी चोटी हमेशा बादलों से घिरी रहती है और धरती पर एक अलग ही दुनिया का एहसास कराती है। इस चोटी पर जो पौधे और जीव-जंतु होते हैं, वे दूसरी जगह कहीं भी नहीं मिलते हैं।
पौधों और जीवों की दुर्लभ प्रजातियां
कहा जाता है कि यहां जो पौधे और जीव हैं वे दुर्लभ हैं। मोंटे रोराइमा में हेलियमफोरा (Heliamphora) पौधा है जिसे कि मांसाहारी पौधा कहा जाता है। यह कीटों को खाकर जीवित रहता है। यहां मिलने वाले मेंढकों की भी प्रजाति दुर्लभ है। वे खुद को गिरने से बचाने के लिए खुद को सिकोड़ लेते हैं।
ट्रेकिंग की सुविधा है उपलब्ध
दुर्गम होने के कारण मोंटे रोराइमा साहसिक यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहता है। यह जगह गाइडा नेशनल पार्क का हिस्सा है। यहां ट्रेकिंग की सुविधा उपलब्ध है। ट्रेकिंग के दौरान यहां कई झरने और प्राकृतिक गुफाएं देखने को मिल जाती है। यहां जाने वाले साहसिक यात्री वेनेजुएला से होकर जाने वाले रास्ते को सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। हालांकि इसे पार करने में 6 से 8 दिन लगते हैं।
यहीं है दुनिया का सबसे ऊंचा झरना
बताया जाता है कि यहां से निकलने वाला एंजेल फॉल दुनिया का सबसे ऊंचा झरना है। स्थानीय जनजातियां इस जगह को देवताओं का घर मानती है। वहीं प्रसिद्ध लेखक आर्थर कॉनन डॉयल ने अपनी किताब “The Lost World” के लिए इसी स्थान से प्रेरणा ली थी।
यात्रा का बेस्ट समय और कैसे पहुंचे
मोंटे रोराइमा की यात्रा करने के लिए सर्वश्रेष्ठ समय नवंबर से अप्रैल माह का होता है। यहां वेजेजुएला के स्यूदाद बोलिवार या सांता एलेना से यात्रा शुरू होती है। यहां लॉजिंग के लिए बेस कैंप और स्थानीय गाइड द्वारा होमस्टे की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। यहां जाने से लिए ट्रेकिंग शू के अलावा वाटरप्रूफ जैकेट और फर्स्ट एड किट रखना बेहतर है।