Betul News : ठंड ने बरपाया ऐसा कहर कि बुलाना पड़ गया पुलिस, देखें क्या है माजरा

By
On:

Betul News : बैतूल। पूरे मध्यप्रदेश के साथ ही बैतूल जिले में ही इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे हर कोई बेहाल है। इसी बीच बैतूल में इसी कड़ाके की ठंड के चलते एक जगह पुलिस तक को बुलाने की नौबत आ गई। अच्छी बात यह रही कि पुलिस यहां भी तत्परता के साथ आगे आई और अपना फर्ज निभाया।

मामला कुछ यूं है कि थाना बैतूल कोतवाली क्षेत्र में रोझड़ा गांव के पास सड़क किनारे एक 50 वर्षीय बीमार व्यक्ति कड़ाके की ठंड में लेटा हुआ था। इस संबंध में 29 नवंबर 2024 को रात 10.30 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-100 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई। वहां से सूचना मिलते ही थाना कोतवाली क्षेत्र में तैनात डायल-100 वाहन को तत्काल मौके पर भेजा गया।

मौके पर पहुंच कर टीम ने यह पाया

डायल-112/100 टीम के सैनिक ईश्वर चौहान एवं पायलट सचिन पाण्डेय ने घटनास्थल पर पहुंचकर देखा कि व्यक्ति अत्यधिक ठंड में असहाय स्थिति में था। टीम ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए उस व्यक्ति को एफआरवी वाहन से जिला चिकित्सालय, बैतूल में भर्ती कराया। यहां अस्पताल में उसका इलाज जारी है। डायल-112/100 टीम की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।

बैतूल में पारा लुढ़क कर 8.8 डिग्री पर पहुंचा

तापमान में लगातार आ रही गिरावट से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रात के साथ-साथ अब दिन भी सर्द होने लगे हैं। धूप खिलने के बाद भी दिन के समय ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार की रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। आने वाले दिनों में तामपान में और गिरावट आने की संभावना बनी है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के कारण तापमान में तेजी से गिरावट होने लगी है। आने वाले दिनों में जिलेवासियों को और कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।

राष्ट्रीय हिंदू सेना ने गंज बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक बांटे कंबल

बीती रात कड़ाके की ठंड में जब बेसहारा और जरूरतमंद लोग ठिठुर रहे थे, तब राष्ट्रीय हिंदू सेना ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंदों के बीच गर्म कंबल वितरित किए। यह पहल गंज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, कोठी बाजार बस स्टैंड, गंज क्षेत्र के मंदिरों और रैन बसेरों में की गई। करीब 50 जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटे गए, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई। यह प्रयास मानवीय संवेदनाओं और समाजसेवा की उत्कृष्ट मिसाल बन गया।

रात 11 बजे से शुरू हुआ अभियान

जिला अध्यक्ष अनुज राठौर ने बताया कि संगठन के सदस्यों ने रात्रि करीब 11 बजे से अभियान शुरू किया। गंज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, और अन्य स्थानों पर गर्म कंबल बांटे गए। उन्होंने कहा, जिन लोगों को कंबल दिए गए, उनकी आंखों में खुशी और राहत साफ नजर आ रही थी। यह हमारे प्रयास की सबसे बड़ी सफलता है।

अभियान में इन सेवाभावियों का सहयोग

तहसील संयोजक रूपेश साहू ने बताया कि ठंड से ठिठुरते असहाय परिवारों को कंबल वितरण से बड़ी राहत मिली। उन्होंने इस नेक काम में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अभियान में प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, प्रदेश संयोजक पवन मालवीय, समाजसेवी गोलू उघड़े, प्रांत प्रवक्ता अखिलेश वाघमारे, प्रांत सह संगठन मंत्री शुभम इंगले, विभाग सह समन्वयक ललित दाभड़े, जिला सह प्रभारी अर्जुन चौहान, तहसील उपाध्यक्ष राहुल खवादे, तहसील गोरक्षा प्रमुख स्वप्निल छोटू पवार, जिला प्रचारक प्रमुख जितेंद्र प्रजापति, प्रखंड अध्यक्ष सौमेश सोनी, प्रिंस साहू, और योगेश दरवाई का विशेष योगदान रहा।

रोटी बैंक बैतूल को समाजसेवियों ने दान किए कंबल

कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। ऐसी विकट परिस्थितियों में जरूरतमंदों के लिए सहारा बनते हुए समाजसेवी मंजीत सिंह साहनी और सुनील कुमार सलूजा ने रोटी बैंक बैतूल को कंबल दान कर समाजसेवा का उदाहरण पेश किया। इस मौके पर दिलखुश साहनी भी मौजूद रहे।

बेसहारा लोगों के ठंड से बचाव करना चुनौती

बैतूल जिले में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे गरीब और बेसहारा लोगों के लिए ठंड से बचाव करना चुनौती बन गया है। इसी के मद्देनजर समाजसेवी मंजीत सिंह साहनी और सुनील कुमार सलूजा ने सेवा कार्य में आगे बढ़ते हुए रोटी बैंक बैतूल को कंबल उपलब्ध कराए। उल्लेखनीय है कि समाजसेवी मंजीत सिंह साहनी और सुनील कुमार सलूजा ने समाजसेवा की मिसाल कायम करते हुए यह कदम उठाया है। समाजसेवी एवं औषधि विक्रेता मंजीत सिंह साहनी और सुनील कुमार सलूजा द्वारा रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

अन्य खबरें

Leave a Comment