MP National Highway: मध्यप्रदेश में रोड नेटवर्क पर खासा जोर दिया जा रहा है। कई नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे बनाने का काम इन दिनों चल रहा है तो कई बन चुके हैं। वहीं दूसरी ओर नए-नए रोड प्रोजेक्ट मंजूर भी किए जा रहे हैं। इन सभी के कारण जल्द ही प्रदेश का रोड नेटवर्क किसी विकसित देश की तरह हो जाएगा।
नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे बन जाने से वाहन तेज रफ्तार से दौड़ पाते हैं और लोगों का सफर कम समय में पूरा हो जाता है। इससे समय के साथ इंधन की भी खासी बचत होती है। वहीं दूसरी ओर पहले ही अंडरपास नहीं बनाए जाने से इन मार्गों पर स्थित गांवों और बस्तियों के लोगों को खासी परेशानी होती है। इसके अलावा कई डेंजर या ब्लेक स्पॉट पर भी पहले ध्यान नहीं दिया जाता है। इन्हीं सब कारणों से इन स्थानों पर अक्सर हादसे होते रहते हैं।
एनएचएआई ने दी प्रस्ताव को मंजूरी
इन्हीं सब को देखते हुए अब मध्यप्रदेश के कई नेशनल हाईवे और फोरलेन हाईवे पर अंडरपास बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। लगातार हो रहे हादसों की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने यह अंडरपास बनाने के लिए मंजूरी दे दी है।
फोरलेन बनाते समय हुई अनदेखी
भोपाल रोड पर नरसिंहगढ़ में दो और ब्यावरा से गुना रोड पर दो अंडरपास की मंजूरी मिली है। फोरलेन का निर्माण जिस समय हुआ था, उस समय इंदौर, भोपाल, गुना रोड के इन डेंजर प्वाइंट्स की अनदेखी हो गई थी। यही कारण है कि तब अंडरपास नहीं बन पाए थे। इसके अलावा ब्यावरा के पूरे बायपास पर सर्विस रोड भी बनाया जाएगा। अरन्या चौराहा से लेकर सिटी पोर्शन और राजगढ़ चौराहा से भोपाल बायपास तक सड़क बनेगी।
- Read Also: बिजली का स्मार्ट मीटर सिर्फ नाम में ही या काम में भी होगा स्मार्ट, एक महीने का बिल दिया ₹64 लाख
इन स्थानों पर बनाए जाएंगे अंडरपास
- भड़क्या जोड़ पर भोपाल-इंदौर बायपास पर भड़क्या गांव सहित अन्य गांवों के लिए क्रॉसिंग है। यहां पर अंडरपास बनाया जाएगा। यहां अंडरपास बनाना इसलिए भी जरुरी है क्योंकि यहां पास में ही कोर्ट भी बन रहा है।
- गुना बायपास पर स्थित अरन्या जोड़ राजस्थान के कामखेड़ा, अरन्या गांव और गुना-ब्यावरा-भोपाल को जोड़ता है। यह मुख्य क्रॉसिंग प्वाइंट है। सबसे ज्यादा हादसे भी यहीं पर होते हैं। यहां अंडरपास बनेगा।
- गोपालपुरा बायपास पर सारंगपुर में स्थित डेंजर प्वाइंट पर भी अंडरपास बनेगा। ब्यावरा-देवास फोरलेन पर यहां कई हादसे होते रहते हैं। सबसे ज्यादा अंडरपास की जरुरत यहीं पर थी।
- नरसिंहगढ़-मंडी रोड पर नरसिंहगढ़ बायपास पर भी सबसे ज्यादा हादसे होते हैं। यहां अंडरपास की मांग लंबे समय से चल रही थी। इसका काम जल्द शुरू हो जाएगा। इसी तरह चारपुरा-गादिया स्कूल-भोपाल-ब्यावरा रोड पर भी अंडरपास प्रस्तावित है।