Nagpur-Bhopal Highway Accident: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नागपुर-भोपाल नेशनल हाईवे पर बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां शाहपुर थाना क्षेत्र में नागपुर से नर्मदापुरम जा रही एक ट्रैवलर मिनी बस सीमेंट की नाली से टकरा गई। इससे बस का गेट लॉक हो गया। जिससे सफर कर रही 25 से 30 महिलाएं बस में ही फंस गई। इन्हें पुलिस ने रेस्क्यू किया।
पुलिस विभाग बैतूल के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा इस बारे में जानकारी दी गई कि 27-28 अगस्त की दरम्यानी रात लगभग 03 बजे नागपुर से नर्मदापुरम जा रही एक ट्रैवलर मिनी बस में 25 से 30 महिलाएं सवार थीं। नीमपानी के पास अचानक यह वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बनी सीमेंटेड नाली से जा टकरा गया।
वाहन में ही फंस गई महिला यात्री
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का दरवाजा जाम हो गया और महिलाएं भीतर फंस गईं। इससे स्थिति गंभीर हो गई और जनहानि की आशंका उत्पन्न हो गई। अच्छी बात यह रही कि थाना शाहपुर पुलिस का गश्ती दल संयोग से मात्र दो मिनट की दूरी पर था। वह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा।
इमरजेंसी गेट से निकाला गया बाहर
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए साहस और तत्परता का परिचय देते हुए इमरजेंसी गेट खोलकर एक-एक कर सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। तत्पश्चात घायल महिलाओं को एंबुलेंस के माध्यम से बैतूल जिला अस्पताल भिजवाया गया। यदि पुलिस टीम समय पर मौके पर न पहुंचती तो आग लगने और भारी जनहानि की आशंका थी।
- Read Also: MP Heavy Rain Alert: दोबारा शुरू होगा तेज बारिश का दौर, आज 10 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
चार महिलाओं को किया गया भर्ती
इस हादसे में 5 घायल महिलाओं और एक 10 साल की बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में इन सभी का एक्स-रे करवाया गया। इसके पश्चात 4 महिलाओं को भर्ती किया गया है। भर्ती महिलाओं में माया, सुनीता, अनिता और रंजना शामिल हैं। अन्य को मामूली चोटें आई हैं। यह सभी नर्मदा स्नान के लिए जा रही थीं।
पुलिसकर्मियों को मिलेगा प्रशंसा पत्र
इस रेस्क्यू अभियान में प्रधान आरक्षक शिवलाल कलमे, आरक्षक नीरज पांडे एवं प्राइवेट ड्राइवर छुट्टन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लापरवाह वाहन चालक के विरुद्ध थाना शाहपुर में अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जा रही है। एसपी निश्चल एन. झारिया ने उक्त पुलिसकर्मियों के तत्परता की तारीफ करते हुए उन्हें प्रशंसा-पत्र देने की घोषणा की है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.in से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.in