MP Weather Update: मध्यप्रदेश में अब मौसम का मिजाज गर्म होने लगा है। बीते कुछ दिनों तक लगातार बारिश और ओलावृष्टि से तापमान के तेवर थोड़े नर्म हुए थे। अब मौसम के खुलते ही एक बार फिर गर्मी जोर पकड़ने लगी है। बुधवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया। वहीं मौसम विभाग ने भी तापमान में बढ़ोतरी और लू चलने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। वहीं जबलपुर संभाग के जिलों में बूंदाबांदी हुई। धरमपुरी टप्पा में 2, उमरवन में 2, नालछा में 1.8 और ठिकरी में 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा शेष सभी जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। अब मौसम पूरी तरह से खुल चुका है। ऐसे में तापमान में भी इजाफा होने लगा है। स्वयं मौसम विभाग ने भी चेताया है कि अगले 4 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।
अधिकतम तापमान की यह रही स्थिति (MP Weather Update)
प्रदेश में बुधवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रतलाम में 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं झाबुआ में 41.4, धार व नर्मदापुरम में 41.2, खंडवा में 41.1 व राजगढ़ एवं उज्जैन में 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन 7 सबसे अधिक तापमान वाले जिलों के अलावा 2 और शहरों में भी तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। इनमें धार में इंदौर में 40.1, नरसिंहपुर में 40.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। बैतूल में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
न्यूनतम तापमान में भी हुआ इजाफा (MP Weather Update)
अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी इजाफा हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अमरकंटक में 18.9, छतरपुर के नौगांव में 20.1, अशोकनगर के आंवरी में 20.7, खजुराहो में 20.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। बैतूल में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
तीन दिनों का मौसम का पूर्वानुमान (MP Weather Update)
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी रहेगी। अगले तीन दिनों तक हीट वेव (लू) चलेगी, जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि 4 दिन के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट की संभावना है।

वर्तमान में इतने सिस्टम हैं एक्टिव (MP Weather Update)
- एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है।
- एक ट्रफ दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और निकटवर्ती क्षेत्रो से पूर्व राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।
- एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण पूर्वी मध्य प्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है।
- एक ट्रफ पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण से छत्तीसगढ़, झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।
- एक ट्रफ पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण से मराठवाड़ा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।
- Read Also: Kheti kisani: महंगा पड़ रहा नरवाई जलाना, प्रशासन हुआ सख्त, अभी तक 32 किसानों पर एफआईआर दर्ज