Development in MP: मध्यप्रदेश के बड़े शहरों के आसपास के नगरों को मिलाकर बनेगा विकास का कंपोजिट प्लान

By
On:

Development in MP: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि क्षिप्रा नदी को निर्मल और अविरल बनाने के लिए निरंतर कार्य चल रहा है, शीघ्र ही क्षिप्रा का जल पूर्ण रूप से शुद्ध होगा। सभी देव-स्थानों के पास क्षिप्रा के दोनों किनारों पर घाट बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु सुगमता से स्नान कर सकें। हर घाट को रामघाट की तरह ही विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही क्षिप्रा में नाव भी चलाई जाएंगी, जिनसे श्रद्धालु देव-स्थानों तक जा सकेंगे। उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर जैसे बड़े शहरों के आसपास के नगरों को मिलाकर विकास का कंपोजिट प्लान बनाया जाएगा, जो आने वाले 50 वर्षों को दृष्टिगत रखते हुए तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम में महापौर मुकेश टटवाल, विधायक उज्जैन उत्तर अनिल जैन कालूहेड़ा और संजय अग्रवाल मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को उज्जैन शहर के इन्दौर रोड शनि मंदिर त्रिवेणी के समीप मोती नगर क्षेत्र में हेरिटेज थीम पर नव निर्मित जी प्लस वन सामुदायिक भवन के साथ-साथ 22 करोड़ 72 लाख रूपये के विभिन्न विकास कार्यों के भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मोती नगर के निवासियों को सामुदायिक भवन के रूप में बडी सौगात मिली है। इससे मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन में गरीब परिवारों को अत्यंत सुविधा मिलेगी। उनके जीवन में आनंद के अविस्मरणीय पल आऐंगे। म.प्र. सरकार द्वारा हर वर्ग के जीवन में बेहतरी और सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया जा रहा है। यह हम सब का सौभाग्य है कि हमारा जन्म उज्जैन में हुआ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस भवन के आस-पास रेती घाट स्थित है। वहां की आवासीय बस्ती में कच्चे मकानों के स्थान पर पक्के मकानों के निर्माण के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा कार्य योजना बनाई जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना में पक्के घर बनाकर दिए जाऐंगे। शहर में सड़क चौड़ीकरण में जिनके मकान प्रभावित हुए हैं उन्हें ढाई-ढाई लाख रूपए का मुआवजा अलग से दिया जाएगा। हर पात्र हितग्राही को शासन की समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।

पेप्सिको कंपनी करेगी सबसे बड़े प्लांट की स्थापना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले समय में पेप्सिको कंपनी के द्वारा उज्जैन में सबसे बड़े प्लांट की स्थापना की जाएगी। आलू की खेती करने वाले किसानों से कंपनी द्वारा आलू की खरीदी की जाएगी। सरकार द्वारा गौ-पालन करने वालों को अनुदान दिया जाएगा। हर वह व्यक्ति गोपाल है, जो गाय पालता है और हर वह घर गोकुल है जहां गायों का पालन पोषण होता है। गौ-दुग्ध उत्पादन को बढावा दिया जाएगा। गाय और बकरी का दूध भी दुग्ध संघ के द्वारा क्रय किया जाएगा। अधिक दुग्ध उत्पादन पर सरकार के द्वारा बोनस दिया जाएगा। स्व-रोजगार को बढावा देने के लिए कारखाने और लघु उद्योगों की स्थापना करने में सरकार सहायता करेगी। म.प्र. को देश के सबसे अच्छे राज्य के रूप में स्थापित करना हमारा संकल्प है।

उज्जैन में 5 फोरलेन मार्गों का चल रहा कार्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में तीव्र गति से विकास हो रहा है। उज्जैन, इंदौर और आस-पास के औद्योगिक क्षेत्र देवास, धार, शाजापुर, मक्सी-नागदा का विकास किया जा रहा है। उज्जैन में 5 फोरलेन मार्गों का कार्य चल रहा है।

इन कार्यों का हुआ भूमि-पूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंर्तगत 89 लाख रुपए की लागत से देवास रोड़ स्थित तरणताल परिसर में फूड कोर्ट की दुकानों के पुनर्निर्माण कार्य, 06 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से पारस तालाब विकास कार्य, 2 करोड रुपए की लागत से विक्रम सरोवर तालाब विकास कार्य का भूमि-पूजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 4 करोड़ 83 लाख रुपए की लागत से दशहरा मैदान का विकास कार्य, 3 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से शनि मंदिर के समीप पब्लिक शेड निर्माण कार्य, 4 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से मोती नगर क्षेत्र में बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया।

महालोक परिसर में 22.5 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित सेतु का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री महाकाल महालोक परिसर में रूद्रसागर पर नवनिर्मित सेतु का नामकरण इतिहास में सनातन संस्कृति और उज्जयिनी का परचम विश्व में लहराने वाले महान सम्राट अशोक के नाम पर “सम्राट अशोक सेतु” किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्री महाकाल के संरक्षण में होने से अवंतिका नगरी का कभी अंत नहीं हुआ। यहां तपस्या से सीधे मोक्ष प्राप्त होता है। अवंतिका नगरी ने अनादिकाल से भारतवर्ष और सनातन संस्कृति के ध्वज-वाहकों राजा विक्रमादित्य,राजा भृतहरी, राजा अशोक आदि महान सम्राटों को संरक्षण दिया है। उन्होंने कहा कि लोकार्पण अवसर पर आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं सहित सभी का मन मोह लिया। आतिशबाजी में भगवान श्री महाकाल का स्वर्ण शिखर, महाकवि कालिदास के काव्यों अनुसार चमक रहा है। नवीन औद्योगिकरण के पश्चात संपूर्ण उज्जैन और प्रदेश भी भविष्य में इसी प्रकार प्रकाशमान होगा।

200 मीटर लम्बा और 9 मीटर चौड़ा है सेतु

स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा ने जानकारी दी कि रुद्र सागर के ऊपर निर्मित सेतु 22.5 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हुआ है। इसकी लंबाई 200 मीटर व चौड़ाई 9 मीटर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुरूप श्रद्धालुओं को कम से कम चलकर, भगवान श्री महाकाल के शीघ्र दर्शन हो सके इसके लिए इसका निर्माण किया गया है। सम्राट अशोक सेतु श्रद्धालुओं को मुख्य पार्किंग से सीधा श्री महाकाल लोक तक जाने की सुविधा प्रदान करेगा, जिससे यात्री अधिक सुगमता से दर्शन कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि सेतु से श्रद्धालु “लाइट एंड साउंड शो” भी देख सकेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

अन्य खबरें

Leave a Comment