MP Police Bharti 2025: सीएम बोले- एमपी में जल्द होगी 8500 से अधिक पुलिस कांस्टेबलों और एसआई की भर्ती

By
On:

MP Police Bharti 2025: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सभी विभागों में निरंतर भर्तियां निकाल कर पदपूर्ति करने जा रहे हैं। सरकार ने प्रत्येक जिले में पुलिस बैंड की पुन: स्थापना की। इसके लिए नवीन पदों का सृजन भी किया है। पुलिस बैंड, पुलिस का गौरव है जो अपनी प्रस्तुति से 26 जनवरी और 15 अगस्त के कार्यक्रमों को गरिमा प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने 6600 से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही 8500 से अधिक पुलिस कॉन्स्टेबल और सब-इंस्पेक्टर की नवीन भर्तियां भी शीघ्र निकाली जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बातें शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह में कही।

सुरक्षाकर्मियों का समाज में विशेष सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पुलिस सब प्रकार की चुनौतियों का सामना कर समाज को बेफिक्र होकर जीने का अनुकुल माहौल प्रदान करती है। पुलिस होली, दीपावली और अन्य त्यौहारों पर अपने घर से दूर रहकर अपनी संपूर्ण निष्ठा से समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों का समाज में विशेष सम्मान और महत्व है। पुलिस की सेवा के कारण ही सभी नागरिक हर्षोल्लास और आनंद के साथ होली का पर्व मनाते हैं। पुलिस, समाज की सुरक्षा के लिए एक अहम कड़ी है।

कोविड के दौरान पुलिस की सेवा सराहनीय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कोविड के कठिन दौर में पुलिसकर्मियों द्वारा मैदान पर रहकर की गई सेवा देश के इतिहास में कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। हमें पुलिस पर गर्व हैं। पुलिसकर्मियों के स्वयं के मकान के लिए शासन ने प्रक्रिया आसान की है।

पुलिस की जरुरतों का विशेष ध्यान रखा

प्रदेश ने इस बार अब तक का सबसे बड़ा 4 लाख 21 हजार करोड़ रूपये का बजट प्रस्तुत किया है। बजट में कोई भी नया कर नहीं लगाया गया है। पुलिसकर्मियों के लिए बजट में नए वाहनों की स्वीकृति, थानों के नवीन भवन, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में समाज विरोधी ताकतों से सामना करने के लिए पर्याप्त सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।

पुलिस के साथ खेली फूलों की होली

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ फूलों की होली खेली। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस में सेवारत महिला अधिकारी-कर्मचारियों से चर्चा की और उन्हें मिठाई खिलाकर होली की मंगलकामनाएं दीं। इस मौके पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, संभाग आयुक्त संजय गुप्ता, एडीजीपी उमेश जोगा, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, एडीशनल एसपी गुरू पाराशर, नीतेश भार्गव, जनप्रतिनिधि संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

अन्य खबरें

Leave a Comment