Weather Update Today : उत्तर भारत एक ओर जहां इन दिनों घने कोहरे और बर्फबारी की चपेट में है तो दक्षिण की ओर के राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। आने वाले दिनों में भी देश के कई राज्य घने कोहरे से घिरे रहेंगे। वहीं कुछ राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र नई दिल्ली द्वारा आज 25 नवंबर 2024 को जारी बुलेटिन में बताया गया है कि आज सुबह पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्का कोहरा रहा।
कोहरे के दौरान इतनी रही दृश्यता
कोहरे के दौरान पंजाब के भटिंडा आईएएफ में 0, आदमपुर आईएएफ और हलवारा आईएएफ में 500 मीटर; पश्चिमी राजस्थान के सूरतगढ़ आईएएफ में 500 मीटर; हरियाणा के सिरसा में 0, हिसार में 500 मीटर; उत्तर प्रदेश के गोरखपुर आईएएफ में 200 मीटर, आगरा आईएएफ, लखनऊ और वाराणसी में 500 मीटर; बिहार के पूर्णिया में 200 मीटर, भागलपुर और पटना में 500 की दृश्यता (विजिबिलिटी) रही।
इस सप्ताह यहां छाएगा कोहरा
आज रात में और कल सुबह हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाएगा। 26 नवंबर और 27 नवंबर की सुबह भी इस क्षेत्र में यही स्थिति रहेगी। 27 से 29 नवंबर के दौरान पंजाब और हरियाणा-चंडीगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में, 25-28 नवंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश में और 28-30 नवंबर के दौरान उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति रहने की संभावना है।
यहां भारी बारिश की चेतावनी
- दूसरी ओर तटीय तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ छिटपुट तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
- 25 से 28 नवंबर के दौरान पुडुचेरी और कराईकल, 27 और 28 नवंबर को दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा सप्ताह के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
- 27-29 के दौरान त्रिपुरा; 27-30 तारीख के दौरान उप-हिमालयी, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
- 25-27 नवंबर के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम, 27-29 नवंबर के दौरान ओडिशा, 30 नवंबर को हिमाचल प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
- 25 नवंबर के दौरान तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। 27, 28 और 29 नवंबर को छिटपुट भारी वर्षा की संभावना है।
- 27 से 29 नवंबर के दौरान केरल और माहे में और 27-30 नवंबर के दौरान दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अलग-अलग भारी वर्षा होने की संभावना है।
तापमान की यह रहेगी स्थिति
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा और उसके बाद धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी राजस्थान को छोड़कर। अगले 3-4 दिनों के दौरान महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। अगले 5 दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।