New metropolis MP: मध्यप्रदेश के विदिशा शहर को नगर निगम बनाकर उसका महानगरों की तर्ज पर विकास किया जाएगा। नगर निगम में आसपास की ग्राम पंचायतों को भी शामिल किया जाएगा। इससे न केवल विदिशा शहर का, बल्कि पूरे क्षेत्र का विकास हो सकेगा। विदिशा को नगर निगम बनाए जाने की घोषणा आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की। अभी विदिशा शहर की व्यवस्थाएं नगर पालिका के हवाले हैं।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान भी मौजूद थे। उन्होंने ही विदिशा को नगर निगम बनाए जाने का आग्रह किया। उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तत्काल ही विदिशा को नगर निगम बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही विदिशा मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल को एकीकृत कर सुविधाओं का विस्तार किए जाने का आश्वासन भी दिया।
वृहद राजधानी परियोजना पर भी काम
इस मौके पर एक और बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगामी समय में विदिशा क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। इसके साथ ही भोपाल, विदिशा, रायसेन और सीहोर को मिलाकर वृहद राजधानी परियोजना बनाई जा रही है। इसके लिए मास्टर प्लान शीघ्र ही तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न घोषणाएं भी की।
177.53 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवीन लक्ष्य का आवंटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सांकेतिक रूप से गृह प्रवेश कराया। साथ ही लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने क्षेत्र के लिए 177 करोड़ 53 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया।