MP News: देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना और फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्रोजेक्ट का शिलान्यास, एमपी को 1.10 लाख हजार करोड़ की सौगात

By
On:

MP News : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पिछले 1 वर्ष में मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। आज मध्यप्रदेश में हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई के सपने को साकार करती हुई देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना केन-बेतवा का आज यहाँ शिलान्यास हुआ है। इसके साथ ही देश के पहले फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्रोजेक्ट, ओंकारेश्वर का भी शिलान्यास हुआ है। इसके लिए मध्यप्रदेश के “कर्मठ मुख्यमंत्री” डॉ. मोहन यादव की सरकार और यहां की जनता को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।

बुंदेलखंड क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली के द्वार खुलेंगे

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली के द्वार खुलेंगे। बुंदेलखंड क्षेत्र में बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष किया है, परंतु पूर्ववर्ती सरकारों ने जल संकट का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला। आजादी के सात दशक बाद भी राज्यों के बीच नदियों के जल के लेकर विवाद चलते रहे, परंतु उन्हें दूर करने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया। जब अटल जी की सरकार बनी तो उन्होंने नदी जोड़ो के रूप में इसका स्थाई हल निकाला और उसका कार्य भी शुरू कर दिया गया, परन्तु 2004 के बाद वह बंद कर दिया गया। आज अटल जी का नदी जोड़ने का सपना मध्यप्रदेश की भूमि पर साकार होने जा रहा है।

अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को कराया पूरा

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में 100 बड़ी सिंचाई परियोजनाएं अधूरी पड़ी थी, हमारी सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च करके उन्हें पूरा करवाया है। देश में आधुनिक तरीके से एक करोड़ हैक्टेयर भूमि में माइक्रो इरिगेशन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में पिछले 10 साल में 5 लाख हैक्टेयर भूमि में माइक्रो इरिगेशन हो रहा है। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर देश के हर जिले में 75-75 अमृत सरोवर बनाए जा रहे हैं। “कैच द रेन” अभियान के अंतर्गत 3 लाख से अधिक रिचार्ज वेल बनाए गए हैं। मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में जहाँ-जहाँ भूजल स्तर कम था, वहाँ अटल भूजल योजना चलाई गई है।

दुनिया के 10 सबसे बड़े आकर्षक टूरिस्ट डेस्टिनेशन में शामिल एमपी

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि हमारा मध्यप्रदेश पर्यटन में अव्वल है। एक अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश दुनिया के 10 सबसे बड़े आकर्षक टूरिस्ट डेस्टिनेशन में शामिल है। हमारी सरकार देश-विदेश की पर्यटकों को सुविधाएं बढ़ा रही है। विदेशों के लिए ई-वीजा सुविधा प्रारंभ की गई है। G-20 की खजुराहो में हुई बैठक में एमपी टूरिज्म का प्रचार-प्रसार किया गया। देश में हेरिटेज और वाइल्डलाइफ टूरिज्म का विस्तार किया जा रहा है। इसकी मध्यप्रदेश में अभूतपूर्व संभावना है। केंद्र की स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत ईको टूरिज्म और हेरिटेज टूरिज्म का विस्तार किया जा रहा है। गांधी सागर, बाणसागर, इंदिरा सागर, ओंकारेश्वर, सांची, खजुराहो, ग्वालियर ओरछा, चंदेरी, मांडू आदि पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। केन-बेतवा योजना की लिंक नहर के माध्यम से पन्ना टाइगर रिजर्व में पर्यटन बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।

जनकल्याण पर्व में प्रतिदिन प्रदेश को मिली सौगातें: सीएम डॉ. यादव

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार के 1 वर्ष की पूर्णता पर आरंभ जनकल्याण पर्व पूरा हो रहा है। इस पूर्व के दौरान 11 दिसंबर (गीता जयंती) से अब तक प्रतिदिन प्रदेश को सौगातें प्रदान की गई। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 35 हजार करोड़ रूपये लागत की पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना की सौगात और 44 हजार करोड़ रूपये से अधिक लागत की केन-बेतवा लिंक परियोजना का भूमि-पूजन प्रदेश के लिए बहुत बड़ी और महत्वपूर्ण सौगात है। जनकल्याण पर्व के समापन अवसर पर नदी जोड़ो परियोजनाओं की लगभग 75 हजार करोड़ रूपये की सौगातों के साथ 30 हजार करोड़ से अधिक लागत के भूमि-पूजन और लोकार्पण आज हुए हैं। इस प्रकार 1 लाख 10 हजार करोड़ से अधिक के कार्य प्रदेश में आज आकार ले रहे हैं।

आगामी 5 वर्षों में ढाई लाख पदों की करेंगे पूर्ति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ग्वालियर के निवासी थे। उनकी 100वीं जयंती पर प्रधानमंत्री श्री मोदी का मध्यप्रदेश आगमन ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य सरकार द्वारा पिछले 1 वर्ष में आरंभ किए गए नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में गुरुकुल परंपरा आरंभ की गई है। शासकीय पदों पर एक लाख से अधिक की भर्ती और 5 साल में ढाई लाख से अधिक पदों की पूर्ति की जाएगी। नई शिक्षा नीति लागू करने के साथ ही 55 जिलों में पीएमश्री एक्सीलेंस कॉलेज स्थापित किये जा रहे हैं। छात्र-छात्राओं की उपाधि व अंक सूची डिजिलॉकर के माध्यम से उपलब्ध करने का निर्णय लिया गया है।

कार्यक्रम की मुख्य झलकियां

  • प्रधानमंत्री श्री मोदी खुली जीप में कार्यक्रम स्थल पर आए। बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय का उन्होंने दोनों हाथ हिलाकर अभिवादन किया। जनता में अभूतपूर्व उत्साह था।
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल जी को पुष्पांजलि अर्पित की।
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी ने केन और बेतवा के पवित्र जल को नेशनल प्रोजेक्ट के मॉडल में प्रतीकात्मक रूप से प्रवाहित कर परियोजना का सांकेतिक शिलान्यास किया।
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बनी सरकार के एक साल पूरा होने पर मुख्यमंत्री सहित सभी को बधाई दी।
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई शासन की विभिन्न योजनाओं, एवं परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित केन-बेतवा लिंक परियोजना के 3डी मॉडल का अवलोकन भी किया।
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी का बुंदेलखंड के लोकनृत्य कलाकारों द्वारा बधाई नृत्य के साथ स्वागत किया।
  • कार्यक्रम में स्व. अटल जी के जीवन एवं कार्यों पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आज पूरे विश्व में क्रिसमस की धूम है। मैं ईसाई समुदाय को ढेर सारी बधाई देता हूं।
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में पधारे साधु-संतों का पुष्प-वर्षा कर अभिनंदन किया।
  • कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई।
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी को राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा स्मृति चिन्ह के रूप में भगवान श्रीराम की बाल्यवस्था की टेराकोटा से बनी मूर्ति एवं खजुराहो के कंदरिया महादेव मंदिर का शिल्प भेंट किया। सांसद वी.डी. शर्मा ने अटल जी की मूर्ति भेंट की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

अन्य खबरें

Leave a Comment