free ration scheme: सावधान… आप भी कर रहे हैं यह गलती तो फ्री राशन मिलना हो जाएगा बंद

By
On:

Free ration scheme: कई लोग गरीबी रेखा सूची में नाम दर्ज करवा कर और बीपीएल राशन कार्ड बनवा कर फ्री राशन तो ले रहे हैं, लेकिन उनमें से कई हर महीने राशन लेते ही नहीं हैं। दूसरी ओर कई ऐसे लोग हैं जो गरीबी रेखा में शामिल भी हैं, लेकिन उनकी पात्रता या राशन पर्ची नहीं बनी है। इससे उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। ऐसे में उन लोगों को राशन मिलना बंद हो सकता है जो कि नियमित रूप से राशन नहीं ले रहे हैं।

दरअसल, नए लोगों का नाम नहीं जुडऩे की वजह यह है कि हर राज्य के लिए केंद्र सरकार ने एक कोटा फिक्स कर रखा है। उस कोटे में शामिल परिवारों के हिसाब से ही केंद्र द्वारा राशन मुहैया कराया जाता है। इस कोटे से ज्यादा लोगों को पात्रता पर्ची जारी ही नहीं की जा सकती है। मध्यप्रदेश में यह कोटा फुल चल रहा है। जिससे नए नाम नहीं जुड़ पा रहे हैं और न ही उन्हें पात्रता पर्ची जारी हो पा रही है। पिछले कई महीनों से यही स्थिति चल रही है।

यहां-वहां भटकने को मजबूर पात्र परिवार

ऐसे में फ्री राशन पाने के लिए बैतूल जिले सहित प्रदेश के कई जिलों में गरीब परिवार राशन पर्ची बनवाने यहां-वहां भटक रहे हैं। कई माह से नई राशन पर्चियां नहीं बन रही है। बताया जा रहा है कि राशन पर्ची बनाने का कोटा पूरा होने के कारण अभी पोर्टल बंद पड़ा है। पोर्टल कब शुरू होगा, इसकी कोई जानकारी नहीं है। नए लोग राशन पर्ची बनाने के लिए पंचायत, नगर पालिका और जनपद पंचायतों के चक्कर काट रहे हैं।

गरीबी रेखा में होने पर भी पर्ची जारी नहीं

आज भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो गरीबी रेखा के अंतर्गत आते हैं, लेकिन इनकी राशन पात्रता पर्ची नहीं बन पाई है। वर्तमान में बैतूल जिले में 3 लाख 10 हजार परिवारों को नि:शुल्क राशन योजना का लाभ मिल रहा है, जिसमें 12 लाख से अधिक सदस्य शामिल हैं। राशन के लिए नई पात्रता पर्चियां बनना बंद हो गई है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन माह से अधिक का समय हो गया है, राशन पर्ची बनाने वाला पोर्टल बंद है।

कोटा फुल होने से नहीं जारी हो रही पर्ची

इस बारे में अधिकारियों का कहना है कि राशन पर्ची के लिए प्रदेश को जो कोटा आवंटित किया था। वह कोटा पूरा हो चुका है, इसलिए राशन पोर्टल बंद कर दिया। राशन पर्ची नहीं बनने के कारण कई लोग नि:शुल्क राशन का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। वे लगातार अफसरों के पास पहुंच कर उन्हें राशन पर्ची जारी किए जाने की गुहार लगा रहे हैं। दूसरी ओर नियमों के आगे अफसर भी बेबस हैं। वे भी अपनी ओर से कुछ करने की स्थिति में नहीं है।

फ्री राशन पाने वालों की होगी छंटनी

इन हालातों में पात्र लोगों को फ्री राशन का लाभ दिलवाने के लिए पहले से राशन पा रहे लोगों में से छंटनी की जा सकती है। इसके लिए ऐसे लोगों को हटाया जा सकता है जो कि कई महीनों तक राशन नहीं लेते हैं। वे दो-चार महीनों में एकाध बार राशन ले लेते हैं। जाहिर है कि इन्हें इस राशन की उतनी जरुरत नहीं है। इसलिए ऐसे लोगों के नाम काटे जा सकते हैं ताकि अन्य लोगों को लाभ मिल सके। यदि आप भी ऐसा करते हैं तो सावधान हो जाएं। ऐसे में आपका नाम भी काटा जा सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

अन्य खबरें

Leave a Comment