Delhi-Mumbai Expressway : देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और वाणिज्यिक राजधानी मुंबई को जोड़ने के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया जा रहा है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का काम पूरा होने के बाद दिल्ली से मुंबई की दूरी महज 12 घंटों में तय हो जाएगी। अभी यह दूरी 24 घंटों में पूरी होती है। सरकार की ओर से इसे लेकर जानकारी दी गई है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का काम वर्ष 2026 तक पूरा हो जाएगा।
गौरतलब है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का प्रोजेक्ट जब लॉन्च हुआ था, उस समय इसे जनवरी 2023 तक पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा था। समय-समय पर आने वाली अड़चनों के चलते इसकी टाइमलाइन बदलती रही। हालांकि अब इसे 2026 तक हर हाल में पूरा कर लेने के प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया को जानकारी दी कि कुछ तकनीकी और व्यवहारिक दिक्कतों के कारण काम में देरी हुई। हालांकि प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है और यह जल्दी ही पूरा हो जाएगा। जमीन अधिग्रहण चूंकि आम जनता से होना है, इसलिए कभी-कभी ऐसे बड़े प्रोजेक्ट्स में देरी हो जाती है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की खास बातें
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 1350 किलोमीटर है और यह देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे है। यह 8 लेन में बनाया जा रहा है। इस पूरे प्रोजेक्ट की भूमि अधिग्रहण सहित लागत लगभग 100000 करोड़ रुपये हैं। यह दिल्ली में 12 किलोमीटर, हरियाणा में 129 किलोमीटर, राजस्थान में 373 किलोमीटर, मध्यप्रदेश में 244 किलोमीटर, गुजरात में 426 किलोमीटर और महाराष्ट्र में 171 किलोमीटर लंबाई का रहेगा।
मध्यप्रदेश के इन जिलों से गुजर रहा
देश के सबसे बड़े प्रोजेक्ट दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का लाभ देश के दिल मध्यप्रदेश को भी मिलेगा। यह मध्यप्रदेश के 3 जिलों रतलाम, झाबुआ और मंदसौर से गुजर रहा है। झाबुआ में यह 50.5 किलोमीटर, रतलाम में 91.1 किलोमीटर और मंदसौर में 102.8 किलोमीटर इसकी लंबाई है। मुंबई की ओर से यह मध्यप्रदेश के मेघनगर से लगी अनास नदी के पास से और दिल्ली की ओर से राजस्थान के भवानीमंडी क्षेत्र से मध्यप्रदेश की सीमा में प्रवेश कर रहा है। मध्यप्रदेश में इससे आवाजाही भी शुरू हो चुकी है।
इन सेक्शनों में हो चुकी आवाजाही शुरू
गौरतलब है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का भूमिपूजन 8 मार्च 2019 में किया गया था। इसके बाद फरवरी 2023 में इसके सोहना (हरियाणा) से दौसा (राजस्थान) के बीच के सेक्शन का उद्घाटन किया जा चुका है। इसके बाद हाल ही में राजस्थान में गोपालपुरा-लबान सेक्शन का भी शुभारंभ हो चुका है। यह कोटा और बूंदी से होते हुए जाता है। वहीं चेचट से मुंबई की ओर वाले सेक्शन में भी आवाजाही चालू हैं। इसके अलावा भी कई हिस्सों के तैयार होने पर आवाजाही शुरू हो चुकी है।