Betul News Today: मध्यप्रदेश के बैतूल में स्थित जिला जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी ने शनिवार-रविवार की रात्रि में अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जा रही है। मृत युवक पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप था। पिछले महीने ही उसे जेल में दाखिल किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के आठनेर नगर में रहने वाले संदीप उर्फ गोलू उर्फ गोटू (28 वर्ष) को विगत 18 दिसंबर 2025 को जेल में लाया गया था। उस पर नाबालिग से दुराचार और पॉक्सो एक्ट के तहत आठनेर थाना में प्रकरण दर्ज था। यहां उसे बैरक नंबर-2 में रखा गया था। शनिवार रात 12 बजे बंदियों की उपस्थिति दर्ज की जा रही थी, लेकिन गोलू के अनुपस्थित रहने के बाद उसकी खोजबीन की गई। खोजबीन के दौरान गोलू का शव बाथरूम में लटका हुआ पाया गया। उसने धोती का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी।
इस घटना की जानकारी मिलते ही जेल में हड़कंप मच गया। जेल प्रबंधन ने तत्काल इसकी जानकारी प्रधान न्यायाधीश सहित पुलिस और एफएसएल टीम को दी। अधिकारियों द्वारा मौके का सूक्ष्मता से निरीक्षण करने के बाद शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। प्रधान न्यायाधीश द्वारा घटना की न्यायिक जांच के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जाता है कि मृतक संदीप का पूरा परिवार महाराष्ट्र के चांदूर बाजार में रहता है। उसके 2 बच्चे भी हैं। उसके जेल आने के बाद उसकी पत्नी भी मुलाकात के लिए जेल पहुंची थी। वहीं 3-4 बार परिजनों से उसकी टेलीफोनिक चर्चा भी रूटीन के मुताबिक करवाई गई थी। बंदी ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी।