Transfer of employees in MP: मध्यप्रदेश के कर्मचारियों के लिए अच्छी और राहत भरी खबर है। लंबे समय से मनचाही जगह पर पोस्टिंग चाह रहे कर्मचारियों के अब जल्द ही तबादले हो सकेंगे। इसके लिए प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने तबादला नीति में बदलाव पर काम शुरू कर दिया है। अप्रैल के महीने में तबादलों की प्रक्रिया भी शुरू होने की उम्मीद है।
प्रदेश भर के कर्मचारी बीते 2 सालों से तबादला नीति का इंतजार कर रहे थे। लगातार चुनावों के चलते स्थानांतरण की प्रक्रिया नहीं हो पाई थी। अब कर्मचारी जल्द ही अपने मनपसंद जगह पर अपना स्थानांतरण करवा सकेंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अप्रैल माह के अंत तक या उससे पहले स्थानांतरण पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया जाएगा। इसके बाद कर्मचारी स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
दो साल से चुनाव के कारण नहीं हुए
उल्लेखनीय है कि बीते साल चुनावी व्यस्तता के चलते स्थानांतरण नहीं हो पाए थे। उससे पहले 2023 में भी यही स्थिति थी। उस समय भी चुनाव के लिए स्थानांतरण प्रक्रिया नहीं हो पाई थी। अब सामान्य प्रशासन विभाग ने नई तबादला नीति लगभग तैयार कर ली है।
कैबिनेट से मंजूरी होते ही तबादले
इसमें हालांकि कुछ बदलाव प्रस्तावित है। इसे लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन की बैठक होगी। इसके बाद स्थानांतरण नीति कैबिनेट मीटिंग में प्रस्तुत कर दी जाएगी। वहां से मंजूरी मिलते ही प्रदेश में तबादलों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
अब सामान्य कर्मचारियों को राहत
तबादला नीति के आते ही अब सामान्य कर्मचारियों को भी राहत प्राप्त हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि जनवरी महीने में सरकार ने उच्च प्राथमिकता वाले स्थानांतरण का रास्ता तो खोल दिया था, लेकिन सामान्य कर्मचारी अभी भी स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होने की राह देख रहे थे। अब उन्हें भी राहत मिल सकेगी।