MP News Today: भोपाल में 400 करोड़ में होगा सीवरेज प्रोजेक्ट का कार्य, 7 करोड़ में बनेगी वन वाटिका, सीएम ने किया भूमिपूजन

By
On:

MP News Today: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के लाल घाटी में नगर निगम भोपाल द्वारा लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से विकसित हो रही नमो वन वाटिका का भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 417 करोड़ रुपए लागत के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, जिसमें अमृत 2.0 परियोजना के अंतर्गत 400 करोड़ रूपए लागत की सीवरेज परियोजना, तीन करोड़ रूपए की लागत से क्रय चार सीवर कम जैटिंग मशीनों और बस स्टाप के रूप में परिवर्तित की गईं पुरानी बसों का लोकार्पण शमिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा नमो वन वाटिका के रूप में भोपाल को दी जा रही सौगात को एक जीवंत, बहुउद्देश्यीय मनोरंजन स्थल के रूप में परिकल्पित किया गया है, जो सभी आयु वर्ग और रुचियों के लोगों के लिए उपयोगी है। विस्तृत क्षेत्र में फैला यह पार्क प्रकृति, फिटनेस और मनोरंजन का आदर्श मिश्रण प्रदान करेगा। सुव्यवस्थित रूप से डिजाइन किए गए इस पार्क में एम्फीथिएटर, बुजुर्गों के लिए विश्राम क्षेत्र, योग व्यायाम स्थल, जॉगिंग ट्रैक, महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण मैदान, फूड कोर्ट, कार पार्किंग क्षेत्र, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, जल निकाय, बत्तखों के लिए विशेष तालाब, बैडमिंटन कोर्ट, टेनिस कोर्ट और एक क्रिकेट पिच शामिल होगी।

जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाएगी वन वाटिका

वाटिका में व्हीलचेयर की सुविधा सहित दिव्यांग आगंतुकों की आसान आवाजाही के लिए रैंप और पक्के मार्ग बनाए जाएंगे। कैमरे और सुरक्षा कर्मी आगंतुकों की सुरक्षा सुनिक्षित करेंगे। यह शहर स्तरीय पार्क सभी आयु समूहों के लिए एक समग्र मनोरंजन और कल्याण स्थल के रूप में डिजाइन किया गया है। यह प्रकृति, फिटनेस, संस्कृति और सुरक्षा के तत्वों को एकीकृत करके शहरी निवासियों के जीवन की गुणवता को बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। यह सामुदायिक सहभागिता सामाजिक संपर्क और कल्याण के लिए प्रमुख गंतव्य के रूप में भी कार्य करेगा।

औद्योगिकरण की दिशा में नई उड़ान के लिए तैयार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 के माध्यम से प्रदेश औद्योगिकरण की दिशा में नई उड़ान के लिए पूरी तरह से तैयार है। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से प्रदेश की आय बढ़ेगी, जिसका लाभ गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं को होगा। भोपाल के लिए पहला अवसर है जब यहां ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रीय खेलों में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए खेल विभाग की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेलों में उपलब्धि से प्रदेश का गौरव बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि राज्य सरकार कृषकों की आय बढ़ाने के लिए गौपालन और दुग्ध उत्पादन की विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। पशुपालन और कृषि क्षेत्र में युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण आरंभ किया जा रहा है।

सौर ऊर्जा के जरिये संचालित होंगी गतिविधियां

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के कल्याण को समर्पित पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को धरातल पर क्रियान्वित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। महापौर श्रीमती मालती राय ने नमो वन वाटिका के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यहां सौर ऊर्जा के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा के अनुरूप भोपाल नगर में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों पर द्वार विकसित किए जाएंगे, इसकी शुरूआत शीघ्र ही इंदौर रोड से होगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

Leave a Comment