MP Cold Wave Alert: मध्यप्रदेश में मार्च के महीने में कड़ाके की ठंड और शीतलहर से लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में शीतलहर का असर देखा गया। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी 3 जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। हालांकि कल से तापमान में इजाफा होने की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है। उत्तर भारत में हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज बदला है।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा आज 7 मार्च को जारी बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के राजगढ़, उमरिया, मंडला, बालाघाट और छतरपुर जिलों में शीतलहर का प्रभाव था। वहीं शाजापुर में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा। अधिकतम तापमान भोपाल, रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में सामान्य से 1.7 से 2.3 डिग्री सेल्सियस तक कम रहे। वहीं न्यूनतम तापमान भोपाल और शहडोल संभाग के जिलों में 5.1 से 5.5 डिग्री सेल्सियस, नर्मदापुरम, उज्जैन, जबलपुर सागर संभाग के जिलों में 3.1 से 4.9 डिग्री सेल्सियस और रीवा संभाग के जिलों में सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस तक कम रहे।
अगले 24 घंटों में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के शहडोल, उमरिया और मंडला जिलों में शीतलहर चलेगी। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होगी। तापमान में बढ़ोतरी होने के बाद लोगों को कुछ राहत मिल सकेगी। फिलहाल तो मार्च में भी लोगों को गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
न्यूनतम तापमान की यह रही स्थिति
गुरुवार और शुक्रवार की रात में प्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल के कल्याणपुर में 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा शाजापुर के गिरवर में 7.9, छतरपुर के उमरिया व नौगांव तथा पचमढ़ी में 8, मंडला में 8.3 और बालाघाट के मलाजखंड में 8.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
अधिकतम तापमान में थोड़ा उछाल
दूसरी ओर प्रदेश में अधिकतम तापमान में थोड़ी सी बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रतलाम में 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नर्मदापुरम में 34.6, खरगौन में 34.2, टीकमगढ़ में 34 और बड़वानी के तालुन में 33.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।