Free laptop scheme: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश के शासकीय स्कूलों की हायर सेकेंड्री बोर्ड परीक्षा में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बैंक खाते में शुक्रवार 21 फरवरी को सिंगल क्लिक के माध्यम से लैपटॉप की राशि अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के छात्र-छात्राओं को लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।
लैपटॉप विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और केरियर के अन्य लक्ष्यों की प्राप्ति में सहायक होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उच्च शिक्षा और कौशल उन्नयन के माध्यम से प्रदेश के होनहार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह संकल्पित है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुक्रम में प्रदेश में हर स्तर पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। कई सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिये प्रदेश में विकास का कारवां निरंतर चलता रहेगा।
इससे पहले स्कूटी खरीदने खातों में डाली राशि
इससे पहले लंबे इंतजार के बाद विद्यार्थियों के खाते में स्कूटी खरीदने के लिए राशि डाल दी गई है। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा 2024 में कक्षा 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को सरकार की ओर से स्कूटी देने की घोषणा की गई थी। विद्यार्थी लंबे समय से स्कूटी के लिए राशि का इंतजार कर रहे थे। आखिरकार विद्यार्थियों के खाते में स्कूटी खरीदने के लिए राशि डाली दी गई है। इससे विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।
बैतूल में इतने विद्यार्थी बने थे टॉपर
वर्ष 2024 में कक्षा 12वीं में लगभग 247 विद्यार्थी टापर बने थे। इन विद्यार्थियों को स्कूटी देना था। विद्यार्थियों के खातों की जानकारी पहले ही ले ली गई थी। विद्यार्थी राशि आने का इंतजार कर रहे थे। अब विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया और राशि आने के बाद स्कूटी खरीदी जाएगी। विद्यार्थियों को सरकार की तरफ से ई स्कूटी खरीदने के लिए 1 लाख 20 हजार और पेट्रोल वाली खरीदने के लिए 90 हजार की राशि दी गई।
ई-स्कूटी है विद्यार्थियों की पहली पसंद
इसमें सबसे ज्यादा विद्यार्थियों ने ई स्कूटी को पसंद किया है। बढ़ते पेट्रोल के दामों को देखते हुए विद्यार्थियों का फोकस ई स्कूटी पर सबसे ज्यादा है। स्कूटी की राशि आने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिल रही है। जब से सरकार ने घोषणा की, तब से विद्यार्थी राशि का इंतजार करते परेशान हो रहे थे।