Weather Update : मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। उधर एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के कई इलाकों में आने वाले दिनों में तेज बारिश होगी। वहीं कई क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाएगा।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी बुलेटिन में संभावना जताई गई है कि 7 दिसंबर को प्रदेश के छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला में कहीं-कहीं बारिश होगी या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। इसके बाद 8 दिसंबर को सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, मंडला, जबलपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्णा में बारिश होगी या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेगी। इसके बाद मौसम खुल जाएगा।
ऐसी है देश की मौसमी परिस्थितियां
एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 8 दिसंबर से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों को प्रभावित करने की संभावना है। इसके चलते 8 और 9 दिसंबर, 2024 को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की या मध्यम वर्षा या बर्फबारी और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में हल्की छिटपुट वर्षा होने की बहुत संभावना है।
हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण
भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण है। यह दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और निकटवर्ती भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर स्थित है और आज, 7 दिसंबर को 05.30 बजे पर मध्य-क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 12 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 12 दिसंबर के आसपास श्रीलंका-तमिलनाडु तटों से दूर दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है।
अगले एक सप्ताह ऐसा रहेगा मौसम
इन मौसमी परिस्थतियों के कारण 11 और 12 दिसंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में और 12 दिसंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
यहां घना कोहरा और शीतलहर का असर
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में 09 तारीख तक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 07 से 10 तारीख तक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में देर रात/सुबह के दौरान घने कोहरे की स्थिति रहने की संभावना है। यही स्थिति 08-10 दिसंबर के दौरान सिक्किम, बिहार और 10 और 11 दिसंबर की सुबह हिमाचल प्रदेश में रहेगी। इसके अलावा 10 से 12 दिसंबर के दौरान उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना है।