Weather Update : एमपी में कड़ाके की ठंड से राहत की शुरूआत, बारिश को लेकर भी आया अपडेट

By
Last updated:

Weather Update : मध्यप्रदेश के लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की शुरूआत हो गई है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। वहीं अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी जिले में शीतलहर चलने या शीतल दिन रहने की चेतावनी भी आज जारी नहीं की है। वहीं दूसरी ओर कल 21 दिसंबर को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने की जो संभावना जताई है, उसे लेकर भी अपडेट आया है। ताजा बने सिस्टम में अब उन जिलों में बारिश होने की संभावना नहीं है।

गौरतलब है कि पूरा मध्यप्रदेश पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड, शीतलहर और शीतल दिन का कहर झेल रहा है। लंबे समय तक ठंड में ठिठुरने के बाद अब धीरे-धीरे मौसम बदल रहा है और तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। कल जहां मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस था वहीं आज बीती रात का न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस हो गया है। इसी तरह अधिकतम तापमान भी 30.5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 31.1 डिग्री सेल्सियस हो गया है।

मौसम केंद्र भोपाल द्वारा गुरुवार को जारी बुलेटिन में जानकारी दी गई है कि बीते 24 घंटों में प्रदेश के शहडोल के कल्याणपुर और सिवनी में शीतलहर का प्रभाव रहा। भोपाल संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम रहे। वहीं जबलपुर, ग्वालियर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा।

प्रदेश में तापमान की यह रही स्थिति

प्रदेश में सबसे कम 3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान पचमढ़ी में दर्ज किया गया। इसके अलावा शहडोल के कल्याणपुर में 3.7, मंडला में 4.5, उमरिया में 5.3, छतरपुर के नौगांव में 5.4, बड़वानी में 9.5, खरगौन में 10.2, खंडवा में 10, बैतूल में 9.5, छिंदवाड़ा में 7.7, सिवनी में 10, नर्मदापुरम में 11.2, नरसिंहपुर में 10, जबलपुर में 6.4, रायसेन में 7.6, सिहोर में 8.5, अनूपपुर में 10.5, नीमच में 8.2, रतलाम में 9.5, उज्जैन में 9.8, राजगढ़ में 5.6, शाजापुर में 6.1, भोपाल में 6.4, सागर में 11, शिवपुरी में 10.2, दमोह में 8.4, खजुराहो में 5.6, टीकमगढ़ में 6.7, सतना में 8.2, रीवा में 7, सीधी में 9, उमरिया में 5.3, सिंगरौली में 7.3, ग्वालियर में 6.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। सबसे ज्यादा 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान खंडवा में दर्ज किया गया।

इन जिलों में कोहरा छाने का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में फिलहाल किसी जिले में शीतलहर या शीतल दिन की स्थिति तो नहीं बनेगी पर कुछ जिलों में कोहरा जरुर छाएगा। अगले 24 घंटों में ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्के से मध्यम कोहरा छाने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। इन जिलों में 20 और 21 दिसंबर को भी यही स्थिति रहेगी। कल मौसम विभाग ने 21 दिसंबर को प्रदेश के बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई थी। हालांकि आज जारी बुलेटिन में ऐसी कोई संभावना नहीं जताई है।

देश के इन हिस्सों में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 दिसंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 19 और 20 दिसंबर को उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 20 और 21 दिसंबर को तटीय ओडिशा और तटीय गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 21 से 23 दिसंबर के दौरान असम और मेघालय में, 20 दिसंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम में और त्रिपुरा 24 दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

तापमान और शीतलहर का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद धीरे-धीरे लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। अगले कुछ दिनों के दौरान महाराष्ट्र और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। वहीं गुजरात राज्य में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है।

19 से 23 दिसंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर से लेकर गंभीर शीत लहर की स्थिति प्रबल होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 20 और 21 दिसंबर को शीतलहर चलेगी। पंजाब के कुछ हिस्सों में 19 और 20 दिसंबर, 21 और 22 को पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में, 19 से 25 दिसंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में, 19 से 21 के दौरान हरियाणा-चंडीगढ़ में शीत लहर की स्थिति की संभावना है।

देश में ऐसी है मौसम प्रणालियाँ

कल का सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर आज, 19 दिसंबर 2024 को सुबह 08.30 बजे दक्षिण-पश्चिम से सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इस सिस्टम के अगले कुछ समय में लगभग उत्तर-पश्चिम की ओर उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद अगले 24 घंटों में इसके आंध्र प्रदेश तट के साथ-साथ लगभग उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। पश्चिमोत्तर राजस्थान एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 231 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सब-ट्रॉफिकल जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। वहीं 27 दिसंबर को एक नए एवं सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय तथा संलग्र मैदानी क्षेत्रों को प्रभावित करने की संभावना है।

यहाँ देखें मौसम विभाग द्वारा जारी वीडियो बुलेटिन…

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

Leave a Comment