Weather Update MP : मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। यहां कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम चल रहा है। कई जिलों में तापमान 10 से कम और 5 के आसपास है। आने वाले कुछ दिन इसी तरह कड़ाके की ठंड पड़ेगी। वहीं दूसरी ओर अगले एक सप्ताह में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश तो कहीं घना कोहरा छाएगा।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी बुलेटिन में दी गई जानकारी के अनुसार बीती रात भी प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान पचमढ़ी रहा। हालांकि यहां रात को तापमान में परिवर्तन नहीं आया है। वह इससे पहले की रात की तरह 5.6 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। वहीं दूसरी ओर शहडोल के कल्याणपुर में 7.3, मंडला में 7.6, शाजापुर के गिरवर में 8.9 और उमरिया में 9 डिग्री सेल्सियस तापमान बीती रात दर्ज किया गया।
इन शहरों में भी काफी कम तापमान
इसके अलावा और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान काफी कम बना हुआ है। इनमें खजुराहो, दमोह, सीधी व धार में 13.2, नर्मदापुरम में 13.6, शिवपुरी व सागर में 13.7, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 14.3 और आगरमालवा व देवास के कन्नौद में 15.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
इन स्थानों पर सबसे ज्यादा तापमान
प्रदेश में सबसे कम तापमान जहां पचमढ़ी में रहा वहीं सबसे ज्यादा 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। इसके अलावा निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 30.6, गुना में 30.4, बड़वानी के तालुन व नर्मदापुरम में 30.2, ग्वालियर में 30 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
इन प्रदेशों में छाएगा घना कोहरा
देश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में घना कोहरा छाने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 27 से 29 नवंबर के दौरान, पंजाब और हरियाणा-चंडीगढ़ में 28 से 30 नवंबर के दौरान और उत्तर प्रदेश में 27 नवंबर से 1 दिसंबर के दौरान सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
इन राज्यों में होगी भारी बारिश
- तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी, माहे और केरल में 26 और 27 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ छिटपुट गरज और बिजली गिरने की संभावना है।
- 26 और 27 नवंबर को तटीय तमिलनाडु और पुदुचेरी में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है वहीं 28 को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और 29 और 30 को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
- 28-30 नवंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। 26 तारीख को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।