Weather News Today: मध्यप्रदेश में इन दिनों कोहरे का कहर जारी है। विभिन्न जिलों में रोजाना छा रहे घने कोहरे ने वाहनों की रफ्तार मंद कर दी है। अगले 24 घंटों में भी प्रदेश के 19 जिलों में हल्के से लेकर अति घना तक कोहरा छाएगा। दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश और बर्फबारी होगी।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा शनिवार को जारी बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के भिंड, मुरैना, ग्वालियर, उत्तरी सतना, उत्तरी छतरपुर और मऊगंज में अतिघना कोहरा; श्योपुर कलां, दतिया, पन्ना, दक्षिणी सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली में मध्यम से घना कोहरा और निवाड़ी, मैहर, दक्षिणी छतरपुर और उत्तरी शहडोल जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। ग्वालियर हवाई अड्डे पर दृश्यता 0 मीटर, खजुराहो और रीवा हवाई अड्डे पर 50 मीटर और सतना में 50-200 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई।
तापमान की यह रही स्थिति
कल सबसे कम न्यूनतम तापमान शहडोल के कल्याणपुर में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पचमढ़ी में 4.5, मंडला में 5, छतरपुर के नौगांव में 6.2 और उमरिया में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान इंदौर में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं उज्जैन में 30.4, रतलाम में 30, बड़वानी के तालुन में 29.8 और गुना में 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल इन जिलों में छाएगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकतां जिलों में कहीं-कहीं अति घना कोहरा छाएगा। वहीं सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, छतरपुर, मैहर जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाएगा। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनके अलावा सीधी, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में मध्यम कोहरा छाएगा। वहीं मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी जिलों में हल्का कोहरा छाएगा।
इन स्थानों पर बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 7 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश और 70 सेंटीमीटर या उससे अधिक बर्फबारी हो सकती है।
इन राज्यों में छाएगा घना कोहरा
उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार के अलग-अलग इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति की संभावना है; उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में रात/सुबह के समय घना कोहरा रहेगा।
यहां रहेगी कड़ाके की ठंड
पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में दिन में ठंड से लेकर बहुत ठंडे दिन की स्थिति की संभावना है; पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग इलाकों में दिन में ठंड की स्थिति रहेगी। तेलंगाना के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति की संभावना है।
यहां देखें और सुनें मौसम विभाग द्वारा जारी वीडियो बुलेटिन…
यह हैं सिनोष्टिक मौसमी परिस्थितियां
- पश्चिमी विक्षोभ मध्योपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर 25 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में 64 डिग्री पूर्व देशांतर के सहारे, अफगानिस्तान के ऊपर समुद्र तल से 3.1 और 9.4 किमी के बीच एक अंतर्निहित चक्रवातीय परिसंचरण के साथ सक्रिय है।
- एक चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रीय है।
- उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 240 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है।
- 10 जनवरी, 2025 से एक अद्यतन पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।