Ram Raja of Orchha : ओरछा में राम राजा सरकार का विवाह महोत्सव; ठाठ बाठ से निकलेगी प्रभु श्री राम की बारात

By
On:

लोकेश वर्मा, मलकापुर (बैतूल) (Ram Raja of Orchha)। मध्य प्रदेश के ओरछा में हर साल श्री राम विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। इस वर्ष भी विवाह उत्सव को लेकर ओरछा नगरी में तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। रामराजा मंदिर से लेकर पूरे नगर की साफ-सफाई कराई जा रही है। चारों तरफ लोगों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। 5 दिसंबर को यहां एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस भंडारे में करीब 70 हजार लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है।

6 दिसंबर को निकाली जाएगी बारात

इस बार 5 और 6 दिसंबर को श्री रामराजा सरकार का विवाह उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 5 दिसंबर को यहां एक भंडारा है, जिसमें करीब 70 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद हैं। इसके अगले दिन 6 दिसंबर को बारात निकाली जाएगी। यह बारात नगर का भ्रमण करते हुए राम जानकी मंदिर पहुंचेगी। सजावट तो पूरे ओरछा की कराई जा रही है, लेकिन विशेष रूप से बारात मार्ग को सजाया गया है।

राम-जानकी मंदिर में होगा तिलक और अन्य रस्में

राम जानकी मंदिर में दूल्हा बने श्री रामचंद्र जी का तिलक किया जाएगा। यहीं पर वैवाहिक रस्मों में पांव पखराई और कुमार कलेवा भी किया जाता है। श्री राम राजा सरकार के विवाह उत्सव में देश और दुनिया से आने वाले भक्त भी बाराती बनकर बारात में शामिल होते हैं।

महोत्सव के तहत होंगे यह आयोजन

महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 4 दिसंबर को तेल पूजन, 5 दिसंबर को मंडपाच्छादन पूजन और प्रीतिभोज के बाद 6 दिसंबर को श्री रामराजा सरकार की वर यात्रा निकलेगी। 7 दिसंबर को श्रीराम कलेवा और 8 दिसंबर को पोन्छक होगा इसके बाद 13 दिसंबर को दशमाननी का पूजन किया जाएगा।

बुंदेली रीति-रिवाज और राजसी परंपरा से विवाह

बुंदेली रीति-रिवाजों ओर राजसी परंपरा के साथ राजाराम का विवाह कार्यक्रम होगा। ढोल नगाड़ों और डी जे की धुन पर नाचेगी भगवान की प्रजा। कार्यक्रम की साजसज्जा मंदिर प्रशासन द्वारा की गई है और बारात के पूरे मार्ग में झंडे व लाइटनिंग झालरों से सजावट की गई है। भगवान राम राजा की नगरी ओरछा में सदियों से मनाए जाने वाला राम-जानकी विवाह महोत्सव को लेकर नगर सहित पूरे बुंदेलखंड के लोगों में भारी उत्साह रहता है। 5 से आयोजित इस पारंपरिक विवाह महोत्सव की मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

दुल्हन की तरह सजी धार्मिक नगरी ओरछा

इस पावन महोत्सव की मंगल बेला पर धार्मिक नगरी ओरछा को दुल्हन की तरह सजाया गया है। 6 दिसम्बर को रात 8 बजे राजसी ठाठ-बाठ, ढोल नगाड़े, गाजेबाजों, बग्गी-घोड़ों के साथ श्री राम की बारात राजशी वैभव के साथ निकलेगी। वर यात्रा के मंदिर से निकलते ही सशस्त्र पुलिस बल द्वारा राम सरकार को गॉर्ड ऑ$फ ऑनर दिया जायेगा। इसके बाद श्री राम जी अपने छोटे भाई लक्ष्मण जी के संग पालकी में विराजमान होकर पूरे नगर वासियों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकलेंगे।

मंगल कलश सिर पर रख महिलाएं करेंगी स्वागत

इस पावन अवसर पर मंगल कलश सिर पर रख महिलाएं खड़े होकर भगवान राम का स्वागत करती हैं। लोग भगवान राम का अपने-अपने दरवाजे पर टीका करते हैं और भगवान की बरात नगर भ्रमण के बाद मुख्य चौराहे पर स्थित जानकी मंदिर पहुंचती है। वहाँ मंदिर के पुजारी भगवान राम का टीका करते हैं। प्रभु की बारात में शामिल होने लाखों की सख्या में श्रद्धालु ओरछा पहुँचते हैं।

विदेशी भक्त भी होंगे महोत्सव में शामिल

श्री राम राजा सरकार की बारात में भारत ही नहीं विदेश से भी भक्त शामिल होते हैं। बाराती बनकर श्री राम राजा सरकार की बारात में नाचते हुए माता जानकी के मंदिर तक जाते हैं। श्री राम के विदेशी भक्त श्री राम विवाह उत्सव की सभी रस्मों को श्रद्धापूर्वक देखकर मन ही मन बड़े प्रसन्न रहते हैं तथा कार्यक्रम का आनंद लेते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

Leave a Comment