Rain Alert MP : मध्यप्रदेश में ठंड से तो थोड़ी राहत मिली है, लेकिन अब नई आफत आ रही है। मौसम विभाग ने 23 दिसंबर से अगले 3 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश होने की चेतावनी दी है। वहीं अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा छाने का अलर्ट भी जारी किया है। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने से लोग सुकून महसूस कर रहे हैं।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा 21 दिसंबर 2024 को जारी बुलेटिन में बताया गया है कि आगामी 23 दिसंबर को प्रदेश के अलीराजपुर, बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, हरदा, सिहोर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, सागर, दमोह, शिवपुरी, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, दतिया, टीकमगढ़ और भिंड जिलों में बारिश हो सकती है। 24 दिसंबर को बुरहानपुर, खरगौन, खंडवा, देवास, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडोरी, सिहोर, राजगढ़, विदिशा, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर, दतिया, सागर, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, अनूपपुर, कटनी, पन्ना, छतरपुर, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश हो सकती है। इसके बाद 25 दिसंबर को अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, बड़वानी, धार, उज्जैन, इंदौर, खरगौन, मंदसौर, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास, सिहोर, शाजापुर, आगर मालवा, राजगढ़, रायसेन, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और डिंडोरी में बारिश हो सकती है।

इन जिलों में कोहरा छाने का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के रीवा, मऊगंज, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाएगा। वहीं ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां जिलों में मध्यम कोहरा छाएगा। इन जिलों में 22 दिसंबर को भी यही स्थिति रहेगी। आज सुबह दमोह, निवाड़ी, पन्ना, छतरपुर, रीवा, जबलपुर, मऊगंज, कटनी जिलों में हल्का से मध्यम और भिंड, मुरैना, ग्वालियर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।
तापमान की यह रही प्रदेश में स्थिति
न्यूनतम तापमान में प्रदेश भर में बढ़ोतरी हो रही है। सबसे कम 5.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में दर्ज किया गया। इसके अलावा छतरपुर के नौगांव में 6, खजुराहो में 6.2, टीकमगढ़ में 6.8, ग्वालियर में 8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान वाले स्थानों में बालाघाट के मलाजखंड में 17.6, अमरकंटक में 15.4, देवास के कन्नौद में 15.3, सिवनी में 15 और नर्मदापुरम व इंदौर में 13.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। वहीं सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान उज्जैन व नर्मदापुरम में 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इनके अलावा खरगौन में 30.2, खंडवा में 30.1, मंडला में 29.7 और इंदौर व बड़वानी के तालुन में 29.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटे के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
यह हैं सिनोष्टिक मौसमी परिस्थितियां
- दक्षिण राजस्थान एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है।
- पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 240 किमी प्रति घंटा की गति से सब ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है।
- दिनांक 27 दिसंबर को एक नवीन एवं सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेस) के पश्चिमी हिमालय तथा संलग्न मैदानी क्षेत्रों को प्रभावित करने की संभावना है।
- माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई पर 72 डिग्री पूर्वी देशांतर व 25 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में निम्न एवं मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ पवनों के बीच ट्रफ के रूप में अवस्थित पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेस) पूर्वोत्तर दिशा की ओर बढ़ गया है।