Rain Alert MP: मध्यप्रदेश के 13 जिलों में अगले कुछ घंटों में बारिश हो सकती है या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। वहीं 11 जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाएगा। चार जिले में वज्रपात होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि कल यानी शुक्रवार को किसी भी जिले में बारिश होने की संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा आज 16 जनवरी 2025 को जारी बुलेटिन में जानकारी दी गई है कि प्रदेश के भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में अगले कुछ घंटों में बारिश हो सकती है या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है।
इस संभावित पूर्वानुमान के अलावा मौसम विभाग ने कोहरे और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार टीकमगढ़ जिले में आंधी-तूफान की स्थिति बनने के अलावा वज्रपात हो सकता है। वहीं यहां मध्यम कोहरा भी छाएगा। रीवा, सतना और पन्ना जिलों में आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। ग्वालियर और दतिया जिलों में घना कोहरा छाएगा। वहीं भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, छतरपुर और निवाड़ी जिलों में मध्यम कोहरा छाएगा।
बीते 24 घंटों में ऐसा रहा प्रदेश का मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के इंदौर, उज्जैन संभागों के जिलों में कहीं-कहीं और चंबल संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। अधिकतम तापमान ग्वालियर संभाग के जिलों में सामान्य से विशेष रूप से कम रहे; रीवा संभाग के जिलों में सामान्य से काफी कम रहे; सागर संभाग के जिलों में सामान्य से कम रहे। न्यूनतम तापमान ग्वालियर, रीवा, सागर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक रहे; भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, शहडोल संभागों के जिलों में सामान्य से काफी अधिक रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे।
इन जिलों में छाया घना कोहरा
प्रदेश के भिंड, मुरैना, निवारी और उत्तरी छतरपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा; श्योपुर कलां, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, टीकमगढ़, दक्षिण छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, नीमच, मंदसौर, आगर, उज्जैन, राजगढ़, उत्तरी गुना और अशोकनगर जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। प्रदेश में न्यूनतम दृश्यता 100 मीटर खजुराहो और 400 मीटर ग्वालियर एयरपोर्ट में दर्ज की गयी।
तापमान की यह रही एमपी में स्थिति
प्रदेश में सबसे कम 7.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में दर्ज किया गया। इसके अलावा छतरपुर के नौगांव में 9.2, मंडला में 9.5, शहडोल के कल्याणपुर में 9.8 और उमरिया में 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस खंडवा में रहा। बड़वानी के तालुन में 29.4, मंडला में 29.2, धार व उज्जैन में 27.5 और सिवनी में 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह है सिनोष्टिक मौसमी परिस्थितियां
- वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की उंचाई पर एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में मध्योपरी क्षोभमंडल स्तरों में दू$फ के साथ लगभग 72ए पूर्वी देशांतर से 25ए उत्तरी अक्षांश के उत्तर में सक्रिय है।
- दक्षिणी हरियाणा और संलग्न क्षेत्र के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है।
- उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 259 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है।
- दिनांक 18 जनवरी से अगले पश्चिमी विक्षोभ द्वारा उत्तरी पश्चिमी भारत को प्रभावित करने की संभावना है।