New four lane Highway MP: मध्यप्रदेश को जल्द ही एक और फोरलेन की सौगात मिलने वाली है। इस प्रोजेक्ट का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अब जल्द ही इस पर वाहन फर्राटे भरते नजर आएंगे। फोरलेन के शुरू होते ही इस मार्ग पर पड़ने वाले गांवों के वारे-न्यारे हो जाएंगे। यह फोरलेन मार्ग 89 गांवों से होकर गुजरेगा। खास बात यह है कि यह फोरलेन उज्जैन को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।
यह नया फोरलेन है उज्जैन-गरोठ फोरलेन नेशनल हाईवे। इसका निर्माण 2660 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस फोरलेन रोड प्रोजेक्ट का काम नवंबर 2022 में शुरू हुआ था। यह काम एनएचएआई द्वारा कराया जा रहा है। काम को तेजी से करवाने के लिए इसका कार्य 3 अलग-अलग हिस्सों में बांट कर कराया जा रहा है। जीएचवी, रवि इंफ्रा और एमकेसी इंफ्रा आदि कंपनियां यह कार्य कर रही हैं।
टोल प्लाजा भी बनेगा, लगेगा शुल्क
अब इसका 90 प्रतिशत के लगभग काम पूरा हो चुका है। जल्द ही यह फोरलेन चालू होने की उम्मीद है। इस पर पानबिहार से 5 किलोमीटर आगे और जगोटी के पहले टोल प्लाजा बनाया जाएगा। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि इस पर टोल टैक्स कितना लिया जाएगा।
महज डेढ़ घंटे में पूरा हो सकेगा सफर
इस फोरलेन के चालू होने के बाद उज्जैन से गरोठ तक का सफर सवा से डेढ़ घंटे में ही पूरा हो सकेगा। इससे लोगों को खासी सहूलियत हो सकेगी। इस फोरलेन के कारण जहां लोगों का समय बचेगा वहीं दूसरी ओर इंधन पर भी कम खर्च करना होगा और आसानी से सफर हो जाएगा। इस पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन दौड़ सकेंगे।
इतने गांवों को मिल सकेगी सुविधा
इस फोरलेन के कारण आसपास के इलाकों की जमीन खासी बढ़ गई है। इससे जमीन मालिकों के वारे-न्यारे हो गए हैं। यह फोरलेन 89 गांवों से होकर गुजर रहा है। इनमें उज्जैन के 10, घट्टिया के 10, महिदपुर के 20,्र बडौद के 11, डगर के 3, गंगधार के 11, सुवासरा के 10, शामगढ़ के 7 और गरोठ के 4 गांव शामिल हैं।