MP Weather Update : मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बीते कई दिनों से कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में सबसे कम न्यूनतम तापमान बना हुआ है। वहीं और भी कई स्थानों पर तापमान बेहद कम है। इस बीच बैतूल में बुधवार सुबह एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत ठंड के कारण हुई है।
मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड हिल स्टेशन पचमढ़ी में पड़ रही है। वहां बीती 3 रातों से न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। बीती रात को भी वहां इतना ही तापमान था। इसके अलावा मंडला और शहडोल के कल्याणपुर में 7, उमरिया में 8.1, कटनी के पिपरौंध व शाजापुर के गिरवर में 8.9 और सीहोर में 9.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
यहां सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान
इसके अलावा प्रदेश में जिन स्थानों पर न्यूनतम तापमान सबसे अधिक है वह भी 15 या उससे कम ही है। नर्मदापुरम में 13, धार में 13.4, शिवपुरी में 13.9, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 14.1 और देवास के कन्नौद में 15.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
अधिकतम तापमान में भी गिरावट
प्रदेश में अधिकतम तापमान भी लगातार कम होता जा रहा है। कल सबसे ज्यादा 30.8 डिग्री सेल्सियस तापमान छतरपुर के खजुराहो में रहा। इसके अलावा बड़वानी के तालुन में 30.2, खंडवा में 30.1, खरगौन में 30 और राजगढ़ में 29.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
ठंड में अकड़ कर मौत होने की आशंका
कड़ाके की ठंड के बीच बैतूल में एक व्यक्ति की मौत की संभावना जताई जा रही है। बैतूल शहर के चुन्नीढाना निवासी बाबू धुर्वे (55 वर्ष) का शव आज सुबह बैतूल गंज क्षेत्र में एक शॉपिंग कॉम्पलेक्स के बरामदे में अकड़ी हुई अवस्था में मिला। वह हम्माली का काम करता था।
सीसीटीवी में यह बात आई सामने
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भिजवाया। इधर कॉम्पलेक्स में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में देखने पर नजर आ रहा है कि वह ठंड में ठिठुर रहा है। वह कभी उठता है तो कभी लेटता है। इसके बाद ठंड से बचने प्लास्टिक ओढ़ कर सो जाता है। इसके बाद वह नहीं उठता है।
पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति
बीती रात बैतूल का न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत ठंड में अकड़ कर ही हुई होगी। हालांकि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में उसकी मौत बीमारी से होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जाता है कि वर्ष 2017 में उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। उसके बाद उसने मकान बेच दिया था। तब से वह इसी तरह से यहां-वहां सोकर रात गुजारता था।
फिलहाल यह है सिनोप्टिक मौसमी परिस्थितियां
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अतितीव्र निम्रदाब क्षेत्र उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में 13 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बीते 6 घंटे के दौरान आगे बढ़ा और आज 27 नवंबर की सुबह 8.30 बजे इसका केंद्र 8.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 82.3 डिग्री पूर्वी देशांतर में अवस्थित था। इसी तरह पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 260 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। इन सबके चलते नवंबर के आखरी दिनों में भी ठंड के तेवर ऐसे ही बने रहेंगे।