MP Weather Update: उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्यप्रदेश में तापमान में भारी गिरावट ला दी है। इसके चलते कई जिले कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में हैं। यह स्थिति अभी कम से कम 2 दिन और बनी रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। खैरियत इस बात की है कि हाल-फिलहाल कहीं बारिश होने की संभावना नहीं है।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा आज 25 जनवरी 2025 को जारी बुलेटिन में जानकारी दी गई है कि पिदले 24 घंटों में प्रदेश में तापमान में खासी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान भोपाल संभाग के जिलों में विशेष रूप से गिरे; उज्जैन, रीवा, जबलपुर, शहडोल, सागर संभागों के जिलों में काफी गिरे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वे भोपाल, उज्जैन संभागों के जिलों में जिलों में सामान्य से कम रहे। वहीं न्यूनतम तापमान भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, शहडोल, सागर संभागों के जिलों में काफी गिरे एवं शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ।
तापमान को लेकर यह जताई संभावना
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री खंडवा में दर्ज किया गया तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री मरुखेड़ा (नीमच) व राजगढ़ में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में प्रदेश में तापमान में और 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसके बाद 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।
इसलिए दोबारा बढ़ी प्रदेश में ठंड
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार रात से हवा का रूख उत्तरी हो गया है। वहीं शुक्रवार को प्रदेश में हवा की औसत गति 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा रही। दूसरी ओर उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम हवा 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 232 किलोमीटर प्रति घंटा तक चली। इसी के कारण तापमान में गिरावट आई और ठिठुरन बढ़ी है। इससे पहले दक्षिणी-पूर्वी हवाओं ने प्रदेश से ठंड गायब कर दी थी और तापमान खासा बढ़ गया था।
प्रदेश के यह जिले रहे शीत प्रभावित
प्रदेश के सीहोर, राजगढ़, नीमच मंदसौर व शाजापुर जिले शीत प्रभावित रहे। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से कम तथा अधिकतम तापमान 22 डिग्री से कम रहा। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने सुझाव दिया है कि छोटे बच्चों के विद्यालयों में शीत आधारित अवकाश का निर्णय लिया जा सकता है। वहीं प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में शीत जनित रोगियों के उपचार की विशेष व्यवस्था की जा सकती है।
इन जिलों में 12 से कम रहा तापमान
प्रदेश के मरुखेड़ा (नीमच) में 6.6, राजगढ़ 6.6, गिरवर (शाजापुर) 6.8, खजुराहो (छतरपुर) 7.6, ग्वालियर 7.9, चित्रकूट (सतना) 8.3. कल्याणपुर (शहडोल) 8.4, पचमढ़ी (नर्मदापुरम) 8.4, टीकमगढ़ 8.5, गुना 8.5, सीहोर 8.8, उमरिया 8.9, सतना 9, पृथ्वीपुर (निवाड़ी) 9.5, भोपाल 9.6, रीवा 9.6, शिवपुरी 9.7, देवरा (सिंगरौली) 9.7, रायसेन 9.7, रतलाम 9.8, नौगाँव (छतरपुर) 9.8, दमोह 9.8, धार 10.1, जबलपुर 10.2. मंडला 11, सागर 11.1, सीधी 11.2, आगर 11.3, उज्जैन 11.5. तालुन (बड़वानी) 11.9, खंडवा 12 और नरसिंहपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहा।