MP Tourism : केवल महिला स्टाफ करेगा एमपी के इस होटल का संचालन, सीएम मोहन यादव ने की तारीफ

By
On:

MP Tourism : मध्यप्रदेश का हिल स्टेशन पचमढ़ी अब महिला शक्ति की भी मिसाल बनेगा। यहां शुक्रवार को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटल एमपीटी अमलतास का शुभारंभ किया गया। इस होटल की खासियत यह है कि इसका पूरी तरह से संचालन महिला स्टाफ द्वारा किया जाएगा। शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि होटल अमलतास का संचालन सिर्फ महिलाओं द्वारा किया जाना मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

इस अवसर पर पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने जानकारी दी कि हमारे गौरवशाली प्रदेश को देश में प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। पर्यटन विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिये होटल अमलतास का पूरा संचालन महिला कर्मचारियों द्वारा किये जाने की पहल की गई है। इसके लिये 23 स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षित कर नियुक्त किया गया है। प्रबंधक, हाउसकीपर, स्वागतकर्ता, किचिन स्टाफ, फूड एण्डक ब्रेवरेजस, माली, चौकीदार, शेफ जैसी जिम्मेदारी भी महिलाओं द्वारा ही निभाई जाएगी।

होटल अमलतास में यह हैं सुविधाएं

राज्य मंत्री श्री लोधी ने बताया कि पर्यटकों की सुविधाओं में विस्तार करते हुए होटल नीलांबर स्काई लाइन का नवीनीकरण किया गया है। निगम के इस इकाई में 16 लग्जरी कक्ष, बेहतरीन डायनिंग एरिया तथा कक्षों में अटैच्ड मॉडर्न बाथरूम, क्वालिटी फर्निशिंग और एनर्जी एफिशिएंट सिस्टम विकसित किए गए है। इनफिनिटी पूल, शानदार लैण्ड- स्केपिंग, पार्किग सहित अन्य जनसुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां पर्यटकों को हाई एण्ड लग्जरी सुविधाएं उपलब्ध होगी। एक व्यू पॉइंट भी बनाया गया है जहां से पर्यटक पचमढ़ी के विहंगम दृश्यों का आनंद ले सकेंगे।

रिमोट का बटन दबाकर किया गया शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतपुड़ा की गोद में महिला शक्ति को समर्पित इस अनूठे प्रयास के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर होटल अमलतास के संचालन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होटल अमलतास में संचालन के लिए कार्यरत सभी महिलाओं से परिचय प्राप्त कर सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सिक्योरिटी गार्ड माला चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार देने की पहल करने पर महिलाओं की ओर से आभार व्यक्त किया।

हिमालय और स्विटरलैण्ड जैसा खुशनुमा वातावरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सतपुड़ा की पहाड़ियों में बसे हमारे पचमढ़ी में हिमालय और स्विटजरलैण्ड के समान खुशनुमा वातावरण है। पचमढ़ी आकर मन आनंद से भर जाता है। मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष के रूप में पूर्व के कार्यकाल और वर्तमान अनुभव सांझा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी के प्रयासों से मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। इस वर्ष लगभग 11 करोड़ पर्यटक प्रदेश में आए है। मध्यप्रदेश पर्यटन के सभी आयाम धार्मिक पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहर आधारित पर्यटन, वन्य जीव पर्यटन आदि को अपने में समेटे हुए है। इसलिए देश के साथ साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण के लिए यह प्रयास भी जारी

प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि सौभाग्य का विषय है कि महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में यह नवाचार किया गया है। महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के तहत चयनित 50 पर्यटन स्थलों पर 40 हजार महिलाओं को आत्मरक्षा की और 10 हजार महिलाओं को पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी की स्किल ट्रेनिंग दी जा रही है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। सामाजिक सरोकार की इस दिशा में कार्य करते हुए दिव्यांग जन को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। निकट भविष्य में सिर्फ दिव्यांग बहनों और बंधुओं द्वारा होटल संचालन की पहल की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

Leave a Comment