MP Rain Alert: मध्यप्रदेश में सक्रिय हुआ नया पश्चिमी विक्षोभ अब प्रदेश में असर दिखाने लगा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में प्रदेश के 9 जिलों में बारिश की चेतावनी दी है। इसके बाद 21 फरवरी को भी प्रदेश के 6 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इधर प्रदेश में तापमान में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं अगले 24 घंटों में तापमान में खास परिवर्तन होने की संभावना भी फिलहाल नहीं है।
गौरतलब है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 17 फरवरी से एक्टिव हो गया है। यह फिलहाल मध्य क्षोभमंडलीय पछुओं पवनों के मध्य एक ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 55 डिग्री पूर्वी देशांतर व 32 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में अवस्थित है।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार इसके प्रभाव के कारण अगले 24 घंटों में प्रदेश के शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में बारिश हो सकती है या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। इसके बाद 21 फरवरी को सीधी, सिंगरौली, शहडोल, मंडला, बालाघाट, सिवनी जिलों में बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

- Read Also: गन्ने की नई किस्में लाएंगी 92.05 टन तक की बंपर पैदावार, इस समय में करें रोपाई, देखें डिटेल्स
तापमान की यह है प्रदेश में स्थिति
बीते कुछ दिनों में प्रदेश में तापमान में खासी बढ़ोतरी हुई है। सोमवार-मंगलवार की रात का सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 9.5, शहडोल के कल्याणपुर में 11.1, शाजापुर के गिरवर, सिंगरौली के देवरा व छतरपुर के नौगांव में 12.2, मंडला में 12.3 तथा अशोकनगर के आंवरी व उमरिया में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसी तरह अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। कल सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान नर्मदापुरम में 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा मंडला में 33.5, बड़वानी के तालुन व राजगढ़ में 33.3, खंडवा में 33.1 तथा खरगौन व सिवनी में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगे ऐसा रह सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में कोई परिवर्तन आने की संभावना नहीं है। इसके बाद 19 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। उसके प्रभाव से 22-23 फरवरी से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।