MP Rain Alert: कल से शुरू हो रहे फरवरी माह के शुरूआती दिनों में ही 2 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इनके असर से मध्यप्रदेश के कई जिलों में भी बारिश होने की संभावना थी, लेकिन सिस्टम के कमजोर पड़ने से अब बारिश होने की संभावना नहीं है। हालांकि मौसम विभाग ने एक बार फिर ठंड के लौटने की संभावना जरुर जताई है।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा आज 31 जनवरी को जारी बुलेटिन में जानकारी दी गई है कि एक पश्चिमी विक्षोभ जहां 1 फरवरी को एक्टिव होगा वहीं दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 3 फरवरी को एक्टिव होगा। दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिम और उत्तर भारत को प्रभावित करने की संभावना है। पहले संभावना थी कि इन पश्चिमी विक्षोभों के कारण मध्यप्रदेश के कई जिलों में भी बारिश होगी, लेकिन सिस्टम के कमजोर होने के कारण बारिश होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार इसका ज्यादा असर राजस्थान में ही नजर आएगा। एमपी में ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग में बादल जरुर छा सकते हैं। एक फरवरी को भी प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं।
तापमान को लेकर यह रहेगी स्थिति (MP Rain Alert)
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 2 दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी होगी। इसके बाद 2 से 3 डिग्री की अचानक गिरावट आएगी। इससे फरवरी के पहले सप्ताह में एक बार फिर ठंड का दौर आएगा। हालांकि कड़ाके की ठंड का सामना इस बार नहीं करना पड़ेगा। वैसे दिन में धूप खिली रहेगी। ठंड केवल सुबह और रात में रहेगी।
बीते 24 घंटों में ऐसा रहा मौसम (MP Rain Alert)
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वे भोपाल, रीवा, सागर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक रहे; नर्मदापुरम, ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल संभागों के जिलों में सामान्य से काफी अधिक रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे।
इसी तरह न्यूनतम तापमान में सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वे नर्मदापुरम, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, शहडोल, सागर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक रहे इंदौर संभाग के जिलों में सामान्य से काफी अधिक रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे।
सबसे ज्यादा और कम तापमान यहां (MP Rain Alert)
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सिवनी में दर्ज किया गया तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री राजगढ़ में दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सिवनी के अलावा खंडवा में 32.1, मंडला में 32, शहडोल के कल्याणपुर में 31 और नर्मदापुरम में 31.4 डिग्री सेल्सियस रहे।
इन स्थानों पर 12 डिग्री से कम (MP Rain Alert)
इनके अलावा न्यूनतम तापमान गिरवर (शाजापुर) में 8.8, पचमढ़ी (नर्मदापुरम) 8.9, सीहोर व कल्याणपुर (शहडोल) 9.1, नौगाँव (छतरपुर) 10.2, खजुराहो (छतरपुर) 10.4, गुना 10.4, चित्रकूट (सतना) 10.7, देवरा (सिंगरौली) 10.8, उज्जैन 10.8, रायसेन 10.9, तालुन (बड़वानी) 11, मरुखेड़ा (नीमच) 11, उमरिया 11, मंडला 11, ग्वालियर 11.6, आगर 11.7, टीकमगढ़ 11.7, रतलाम 12 और सतना में 12 डिग्री सेल्सियस रहा।