Ladli Behna Yojana registration : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में चिचोली ब्लॉक के ग्राम चुनाहजूरी की 50 महिलाओं ने लाडली बहना योजना के रजिस्ट्रेशन पुनः चालू करने और फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष रमेश काकोड़िया, आदिवासी महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुष्पा पेंदराम, चिचोली ब्लॉक ग्रामीण अध्यक्ष नेकराम यादव और ग्रामीण महिला अध्यक्ष ने महिलाओं की मांगों का समर्थन किया।
महिलाओं ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वादा किया था कि जिन बहनों के फॉर्म अब तक नहीं भरे गए हैं, उनके फॉर्म भरे जाएंगे। लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ है। महिलाओं का कहना है कि यदि एक महीने के भीतर लाडली बहन योजना के तहत फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो वे जिला मुख्यालय जाकर ज्ञापन सौंपेंगी और भूख हड़ताल पर बैठेंगी। महिलाओं ने अपनी मांगों को स्पष्ट करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी रैलियों में जो वादे किए थे, वे सभी अधूरे रह गए हैं।
ज्ञापन देने वालों में कंचना बारस्कर, लक्ष्मी यादव, सुखमणी यादव, रेखा यादव, फूलवती यादव, सरोज राठौर, कांति वाघमारे, किरण वाघमारे, रामवती वरकडे, राधिका वरकडे, मुन्नी परते, मनौती धुर्वे, सुखिया धुर्वे, फुलवंता ऊईके, बसंती परते, बिसोंदी, कविता, गीता, श्याम, शारदा, सुखवंती, अंजीरा, सेवंती, नरबदी, शीतल, अनीता, कृष्णा, पिंकी, रीना, सरिता, ललिता, बसंती, और कमलती सहित अन्य महिलाएं शामिल थीं। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगी।
महिलाओं की यह हैं प्रमुख मांगें
- लाडली बहन योजना के अंतर्गत जिन महिलाओं के फॉर्म नहीं भरे गए हैं, उन्हें भरने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
- किसानों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए।
- किसानों का धान 3100 रू प्रति क्विंटल और मक्का 2700 रू प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदा जाए।
- सोयाबीन का उचित दाम दिया जाए।