Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहना योजना से 1.63 लाख नामों की हो गई कटौती, आप भी तो नहीं इनमें शामिल

By
On:

Ladli Behna Yojana: मध्यप्रदेश ही नहीं देश की सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में शामिल होने से बच गई बहनों को रजिस्ट्रेशन का तीसरा चरण शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है। इधर दूसरी ओर इस योजना में नए नाम तो नहीं जुड़ रहे, अलबत्ता पहले से सूची में शामिल नामों पर कैंची जरुर चल रही है। इस महीने भी योजना में शामिल 1 लाख, 63 हजार महिलाओं को अपात्र घोषित कर योजना से हटा दिया गया है। इस महीने से इन्हें योजना की राशि का लाभ नहीं मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत सरकार द्वारा पात्र हितग्राही महिलाओं को अभी 1250 रुपये की राशि हर माह दी जा रही है। बीते महीने 11 दिसंबर 2024 को इस योजना की 19वीं किस्त दी गई थी। यह 19वीं किस्त 1 करोड़, 28 लाख महिलाओं के खाते में पहुंची थी। बीते महीने कुल 1572 करोड़ रुपये इस योजना के तहत बहनों के खाते में पहुंचे थे।

इसके विपरीत जनवरी माह में दी जाने वाली 20वीं किस्त केवल 1 करोड़, 26 लाख महिलाओं के खाते में ही पहुंचेंगे। योजना का संचालन करने वाले महिला और बाल विकास विभाग ने 1 लाख, 63 हजार महिलाओं को इस योजना का लाभ लेने से अपात्र घोषित कर दिया है। लिहाजा, इतनी बहनों को अब इस महीने से योजना का लाभ मिलना बंद हो जाएगा।

इन महिलाओं को किया अपात्र घोषित

दरअसल, योजना का लाभ केवल 60 साल तक की उम्र की महिलाओं को ही दिया जाना है। 60 से अधिक उम्र की महिलाओं को अन्य योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता है। इसलिए योजना में शामिल जिन महिलाओं की आयु 60 साल से अधिक हो चुकी है, उन महिलाओं को अब अपात्र घोषित कर दिया गया है।

लगातार कम हो रहे पात्र महिलाओं के नाम

योजना की शुरूआत करते समय तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि योजना की पात्रता प्राप्त करने वाली बहनों के नाम लगातार जुड़ते रहेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है। सबसे पहले महीने में योजना का लाभ पाने वाली हितग्राही महिलाओं की संख्या 1 करोड़, 29 लाख, 5 हजार, 457 थी। वहीं अब यह कम होते-होते 1 करोड़, 26 लाख से कुछ अधिक रह गई है।

अब तक शुरू नहीं हुए तीसरे चरण के पंजीयन

योजना का लाभ लेने से वंचित महिलाओं को योजना के तीसरे चरण के रजिस्ट्रेशन शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है, लेकिन यह अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। दूसरी ओर हितग्राही महिलाओं की मृत्यु, 60 साल से अधिक होने पर और स्वयं के द्वारा लाभ का परित्याग किए जाने के आवेदन आने से योजना में शामिल महिलाओं के नाम जरुर कट रहे हैं। जिससे लगातार संख्या में कमी आ रही है।

इस बार कब आएगी खातों में राशि

इस बार जनवरी महीने की 20वीं किस्त हितग्राही महिलाओं के खातों में 12 जनवरी 2025 को पहुंचने की संभावना है। इस दिन स्वामी विवेकानंद जयंती पर प्रदेश सरकार द्वारा 2 बड़े और महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। योजना की किस्त लगातार मिलती रहे, इसके लिए प्रदेश सरकार ने 5 हजार करोड़ रुपये का कर्ज भी ले लिया है। यह राशि सरकार को प्राप्त भी हो चुकी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

Leave a Comment