IMD Alert Today: एक बार फिर कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में आएगा मध्यप्रदेश, कल से आएगी तापमान में गिरावट

By
On:

IMD Alert Today: मध्यप्रदेश एक बार फिर कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में आने वाला है। मौसम विभाग ने कल से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की चेतावनी दी है। इसके बाद भी ठंड में और इजाफा ही होगा। दूसरी ओर प्रदेश के 16 जिलों में हल्के से लेकर घना कोहरा तक छाएगा। आज भी सुबह प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा।

मौसम केंद्र भोपाल द्वारा 6 जनवरी 2025 को जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान नर्मदापुरम, रीवा, जबलपुर संभागों के जिलों में काफी बढ़े, शहडोल संभाग के जिलों में विशेष रूप से बढ़े एवं शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वे भोपाल, उज्जैन, सागर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक रहे; इंदौर, नर्मदापुरम, रीवा संभागों के जिलों में सामान्य से काफी अधिक रहे; शहडोल के जिलों में सामान्य से विशेष रूप अधिक रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे।

इन जिलों में छाया रहा घना कोहरा

प्रदेश के भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, उत्तरी छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज में घना कोहरा छाया रहा और नीमच, मंदसौर, आगर, उत्तरी रतलाम, शिवपुरी, श्योपुर कलां, उत्तरी गुना, अशोकनगर, टीकमगढ़, दमोह, मैहर, कटनी, दक्षिणी छतरपुर, सीधी और सिंगरौली में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा। न्यूनतम दृश्यता रीवा हवाई अड्डे पर 50 मीटर; खजुराहो हवाई अड्डे पर 100 मीटर, ग्वालियर हवाई अड्डे पर 200 मीटर; सतना में 50-200 मीटर; दमोह में 200-500 मीटर और सीधी में 500-1000 मीटर दर्ज की गई।

न्यूनतम और अधिकतम तापमान

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में काफी उछाल आया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान छतरपुर के नौगांव में 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंडला में 8.8, टीकमगढ़ में 9, गुना, शिवपुरी व बालाघाट के मलाजखंड में 9.3 तथा राजगढ़ में 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह अधिकतम तापमान धार में 29.1, बड़वानी के तालुन में 29.5, खंडवा में 30.1, इंदौर में 30.2 और मंडला में सबसे ज्यादा 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल से तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। दरअसल, अभी उत्तर भारत में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। इसके चलते उत्तर भारत से बर्फीली हवाएं मध्यप्रदेश में आने लगेगी। तेज रफ्तार वाली यह हवाएं ठंड बढ़ाएगी। जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में बर्फबारी भी हो रही है। यह बर्फ आने वाले दिनों में पिघलेगी। वहीं ठंड की रफ्तार भी तेज होगी। इससे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ जाएगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 20 से 22 दिनों तक प्रदेश में शीतलहर चलेगी। कुछ जिलों में बारिश भी हो सकती है।

इन जिलों में कोहरा छाने की चेतावनी

मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह कई जिलों में कोहरा छाने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार मंदसौर और नीमच जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा छाएगा। वहीं ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाएगा। इसके बाद बुधवार को भी इन्हीं जिलों में कोहरा छाने की संभावना है।

यहां देखें और सुनें मौसम विभाग द्वारा जारी वीडियो बुलेटिन…

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

Leave a Comment