DA Hike News : देश भर में इन दिनों विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी कर राहत प्रदान की जा रही है। इसी कड़ी में झारखंड राज्य की सरकार ने भी कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही पेंशनरों की महंगाई राहत (डीआर) में भी इजाफा कर दिया गया है।
अभी तक झारखंड राज्य के कर्मचारियों को मूल वेतन का 50 प्रतिशत डीए मिल रहा था। अब इसे 3 प्रतिशत बढ़ाकर 53 प्रतिशत कर दिया है। इसी तरह पेंशनरों को मिलने वाले डीआर को भी बढ़ाकर 53 प्रतिशत कर दिया है। डीआर भी 3 प्रतिशत बढ़ाया गया है। डीए और डीआर में यह बढ़ोतरी एक जुलाई से प्रभावी होगी।
झारखंड राज्य के कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से डीए और डीआर में बढ़ोतरी की राह देख रहे थे। आखिरकार मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई केबिनेट की मीटिंग में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। डीए और डीआर बढ़ने से कर्मचारियों और पेंशनरों में हर्ष व्याप्त है। राज्य सरकार के इस फैसले से राज्य के 3 लाख से ज्यादा कर्मचारी और पेंशनर लाभान्वित होंगे।