Betul News: वृंदावन के संत स्वामी दयानंद ब्रह्मचारी का बैतूल में निधन, मथुरा में कराया था मठ-आश्रम का निर्माण

By
On:

Betul News: बैतूल। अच्छे कर्मों का फल हमेशा अच्छा होता है, और जिसका कोई नहीं होता, उसका खुद ईश्वर होता है। इस कहावत को राष्ट्रीय हिंदू सेना ने चरितार्थ कर दिखाया जब उन्होंने महान योगाचार्य और संत स्वामी दयानंद ब्रह्मचारी का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया। मां ताप्ती नदी के तट पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों ने परिवार की तरह सेवा करते हुए संत का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया।

मां ताप्ती घाट खेड़ी सावलीगढ़ पर संतों की उपस्थिति में पूरे विधि-विधान के साथ संस्कार संपन्न हुआ। संत समाज ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने स्वामी जी को मुखाग्नि दी और उनकी अस्थियों का विसर्जन मां ताप्ती नदी में किया गया। यह भावुक क्षण देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। राष्ट्रीय हिंदू सेना ने यह साबित कर दिया कि सेवा ही सच्चा धर्म है और महान संत को विधिपूर्वक विदा कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

स्वामी दयानंद ब्रह्मचारी का बैतूल जिला अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। पांच दिन पूर्व उन्हें पैरालिसिस अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें आमला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। यहां उपचार के दौरान 23 मार्च को उन्होंने अंतिम सांस ली।

मथुरा वृंदावन के निवासी थे दिवंगत संत

राष्ट्रीय हिंदू सेना के जिला अध्यक्ष अनुज राठौर ने बताया कि स्वामी दयानंद ब्रह्मचारी मूल रूप से मथुरा वृंदावन के श्री हरी मंदिर, कैलाश नगर, वृंदावन बांगर (उत्तर प्रदेश) के निवासी थे। वे संपूर्ण भारत में धार्मिक यात्रा करते थे। एक माह पूर्व वे आमला स्थित हरिओम दरबार हनुमान मंदिर, रेलवे डेम बेल नदी पहुंचे थे, जहां वे निवास कर रहे थे।

आमला में कराया पहले भर्ती

प्रदेश संयोजक पवन मालवीय ने बताया कि स्वामी जी की तबीयत खराब होने पर संत दिलीप दुर्वासा पूरी, प्रखर सोनपुरे और बजरंग दल के नगर सह संयोजक अंशुल सोलंकी ने उन्हें आमला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां से गंभीर स्थिति में उन्हें बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनके उपचार की जिम्मेदारी संत दिलीप दुर्वासा पूरी संभाल रहे थे।

योग शालाओं के बड़े गुरु, विदेश यात्रा भी की

राष्ट्रीय हिंदू सेना से मिली जानकारी के अनुसार स्वामी दयानंद ब्रह्मचारी ने 1996 में मथुरा में मठ और आश्रम का निर्माण किया था। वे एक प्रतिष्ठित योग गुरु थे, जिनसे कई शिष्य जुड़े हुए थे। उनका बैतूल जिले के सारणी-बगडोना स्थित बैकुंठ धाम आश्रम में भी आना-जाना था।

परिवार में नहीं था कोई भी सदस्य

उनके परिवार में कोई भी सदस्य नहीं था, इसलिए उनके निधन के बाद राष्ट्रीय हिंदू सेना ने उनका अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। हरिओम दरबार हनुमान मंदिर आमला के पूजनीय संत एवं मां ताप्ती परिक्रमा पदयात्री दिलीप दुर्वासा पूरी ने बताया कि स्वामी जी का आध्यात्मिक सफर काफी बड़ा था। वे विदेश यात्राएं भी कर चुके थे और योग शालाओं के बड़े गुरु माने जाते थे।

अंतिम संस्कार में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

राष्ट्रीय हिंदू सेना के नगर युवा संयोजक रोहित मालवीय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, सहयोगी समाजसेवी गोलू उघड़े, प्रदेश संयोजक पवन मालवीय, नगर महामंत्री बिट्टू गोयल, प्रखंड मंत्री अरविंद मासोदकर, नगर युवा उपाध्यक्ष प्रिंस साहू, बजरंग दल आमला नगर सह संयोजक अशुल सोलंकी, किशोर गिरी गोस्वामी, सेवक चौधरी, मोनू राठौर और राजेंद्र जायसवाल सहित कई कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में स्वामी जी का अंतिम संस्कार किया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

Leave a Comment