Rain Alert MP: मध्यप्रदेश में तापमान के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। जल्द ही कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने वाला है। इसी बीच आगामी 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। इन दिनों एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण यह स्थिति बनने के आसार हैं।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा आज 13 मार्च को जारी बुलेटिन के अनुसार वर्तमान में दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में अब पश्चिमी अफगानिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर स्थित है।
इन सबका असर आगामी दिनों में मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में भी दिखाई देगा। इसके प्रभाव से 15 मार्च को प्रदेश के नीमच, मंदसौर, श्योपुर, गुना और अशोकनगर में तथा 16 मार्च को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि इसके बाद कहीं बारिश की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।
40 के करीब पहुंचा अधिकतम तापमान
दूसरी ओर प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ती जा रही है। अधिकतम तापमान की स्थिति यह है कि कई शहरों में यह 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। बुधवार को सबसे ज्यादा 39.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान बड़वानी के तालुन में दर्ज किया गया। इसके अलावा देवास के कन्नौद में 39.4, खजुराहो में 39.4, निवाड़ी के पृथ्वीपुर और नर्मदापुरम में 39.1 तथा रतलाम व मंडला में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
- Read Also: MP News Today: एमपी के इस शहर में बिछेगी 500 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन, खर्च होंगे 940 करोड़ रुपये
न्यूनतम तापमान में भी हो रहा इजाफा
दिन ही नहीं अब प्रदेश में रातें भी बेहद गर्म हो चुकी है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस शहडोल के कल्याणपुर में दर्ज किया गया। इसके अलावा अशोकनगर के आंवरी में 13.7, पचमढ़ी में 14.1, मंडला में 14.7 और सिंगरौली के देवरा में 15.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
- Read Also: Kidney Disorders: इन कारणों से होते हैं किडनी रोग, यह सावधानियां बरत कर किया जा सकता है इनसे बचाव