MP Weather Alert : पचमढ़ी में और गिरा न्यूनतम तापमान, इस सप्ताह भी तीखे रहेंगे ठंड के तेवर

By
On:

MP Weather Alert : उत्तर भारत की बर्फीली हवाओं का मध्यप्रदेश में खासा असर देखा जा रहा है। पचमढ़ी में जहां न्यूनतम तापमान 5 के आसपास चल रहा है वहीं अन्य कई स्थानों पर भी तापमान बेहद कम बना है। मौसम विभाग की माने तो इस सप्ताह भी ठंड के ऐसे ही तीखे तेवर बने रहेंगे।

मौसम केंद्र भोपाल द्वारा आज 25 नवंबर 2024 को जारी बुलेटिन के अनुसार भोपाल संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम चल रहे हैं। नर्मदापुरम, जबलपुर संभागों के जिलों में सामान्य से कम और अन्य सभी संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य रहे। भोपाल में इस बार ठंडी बीते कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ रही है।

फिलहाल प्रदेश में सबसे ठंडी जगह पचमढ़ी बनी हुई है। बीती रात यहां के न्यूनतम तापमान में और गिरावट आई है। बीती रात को यहां का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं इससे पहले की रात का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस था।

इन स्थानों पर भी कड़ाके की ठंड

इसके अलावा अन्य कुछ स्थानों पर भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शहडोल के कल्याणपुर में 7.3, मंडला में 7.8, शाजापुर के गिरवर में 8.6 और उमरिया में 9.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान वाले स्थानों में शिवपुरी में 14.4, सागर में 14.8, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 15, आगर मालवा में 15.1 और देवास के कन्नौद में 15.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

यहां रहा सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान

दूसरी ओर ग्वालियर में 29.8, बड़वानी के तालुन में 30, खजुराहो में 30.2, गुना में 30.4 और 30.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जाहिर है कि अधिकतम तापमान में भी गिरावट आ रही है। इधर मौसम विभाग के कहना है कि इस सप्ताह भी ठंड ऐसी ही बनी रहेगी।

यह है सिनोप्टिक मौसमी परिस्थितियां

वर्तमान में पश्चिम विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल की पछुआ पवनों के मध्य एक ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर, 70 डिग्री पूर्वी देशांतर व 32 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर की ओर पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ गया है।

उप हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है।

देश में ऐसे रहे मौसम के हाल

भारत मौसम विज्ञान विभाग के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र नई दिल्ली द्वारा आज 25 नवंबर 2024 को जारी बुलेटिन में बताया गया है कि आज सुबह पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्का कोहरा छाया रहा।

कोहरे के दौरान इतनी रही दृश्यता

कोहरे के दौरान पंजाब के भटिंडा आईएएफ में 0, आदमपुर आईएएफ और हलवारा आईएएफ में 500 मीटर; पश्चिमी राजस्थान के सूरतगढ़ आईएएफ में 500 मीटर; हरियाणा के सिरसा में 0, हिसार में 500 मीटर; उत्तर प्रदेश के गोरखपुर आईएएफ में 200 मीटर, आगरा आईएएफ, लखनऊ और वाराणसी में 500 मीटर; बिहार के पूर्णिया में 200 मीटर, भागलपुर और पटना में 500 की दृश्यता (विजिबिलिटी) रही।

इस सप्ताह यहां छाएगा कोहरा

आज रात में और कल सुबह हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाएगा। 26 नवंबर और 27 नवंबर की सुबह भी इस क्षेत्र में यही स्थिति रहेगी। 27 से 29 नवंबर के दौरान पंजाब और हरियाणा-चंडीगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में, 25-28 नवंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश में और 28-30 नवंबर के दौरान उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति रहने की संभावना है।

यहां भारी बारिश की चेतावनी

  • दूसरी ओर तटीय तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ छिटपुट तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
  • 25 से 28 नवंबर के दौरान पुडुचेरी और कराईकल, 27 और 28 नवंबर को दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा सप्ताह के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
  • 27-29 के दौरान त्रिपुरा; 27-30 तारीख के दौरान उप-हिमालयी, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
  • 25-27 नवंबर के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम, 27-29 नवंबर के दौरान ओडिशा, 30 नवंबर को हिमाचल प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
  • 25 नवंबर के दौरान तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। 27, 28 और 29 नवंबर को छिटपुट भारी वर्षा की संभावना है।
  • 27 से 29 नवंबर के दौरान केरल और माहे में और 27-30 नवंबर के दौरान दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अलग-अलग भारी वर्षा होने की संभावना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

अन्य खबरें

Leave a Comment