Betul Accident News: मध्यप्रदेश के बैतूल में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक सीहोर जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम करवाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हादसा जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में चिचोली नगर के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीहोर जिले के लाड़कुई गांव के दिलीप उइके (37) और देवराज (35) की कुलदेवी गोधना में स्थित देवी चंडी माता है। यह दोनों बाइक से अपनी कुल देवी के दर्शन करने के लिए सीहोर से बैतूल आ रहे थे।

इसी दौरान चिचोली के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इस हादसे में देवराज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल बैतूल लाकर आईसीयू में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया है। बताया जाता है कि दोनों युवक हम्माली का काम करते थे। दिलीप के चार बच्चे हैं वहीं देवराज के छह बच्चे हैं। दोनों की मौत से उनके परिवार के लोगों का बुरा हाल है।