Madhya Pradesh Rain Alert: कल पूरे मध्यप्रदेश में होगी बारिश; बरगी-तवा डैम के गेट खुले, गांवों में अलर्ट

By
On:

Madhya Pradesh Rain Alert: इन दिनों पूरे मध्यप्रदेश में बारिश का दौर चल रहा है। कई जिलों में बारिश ने हालत खराब कर रखे हैं। आज बरगी डैम के 9 और तवा डैम के 3 गेट खोले गए हैं। इसके चलते कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। कल बुधवार को भी पूरे प्रदेश में बारिश होगी। हालांकि कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है।

मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार वर्तमान में निम्न दाब क्षेत्र, ओडिशा तट से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में अवस्थित है। इससे जुड़ा चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है और ऊँचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 2 दिनों में और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है।

हरियाणा में चक्रवातीय परिसंचरण

दक्षिण हरियाणा और संलग्न उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है और ऊँचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ एक ट्रफ के रूप में, मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल स्तरों में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर 28 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में 70 डिग्री पूर्वी देशांतर में अवस्थित है।

मानसून ट्रफ का यहां है विस्तार

वर्तमान में मानसून ट्रफ, माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर गंगानगर, सिरसा, आगरा, बांदा, सीधी, संबलपुर से होते हुए ओडिशा तट से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में बने निम्न दाब क्षेत्र के केंद्र, दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य तक विस्तृत है और उपरोक्त चक्रवातीय परिसंचरणों से होकर गुजर रही है।

बुधवार को यहां होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। इनमें झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, बैतूल, बुरहानपुर, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर, कटनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में अधिकांश स्थानों पर और शेष अन्य सभी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा गरज-चमक का मौसम भी बना रहेगा।

बीते 24 घंटे में इन जिलों में बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश में कई जिलों में बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 15 से अधिक जिलों में बारिश हुई। इनमें भोपाल, मंदसौर, रतलाम, नर्मदापुरम, श्योपुर, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, मंडला, सागर, सतना, बैतूल, दतिया, गुना और रायसेन प्रमुख रूप से शामिल हैं।

मंदसौर में शिवना नदी ने रोके रास्ते

रतलाम में सुबह करीब साढ़े 7 बजे से एक घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके चलते दो बत्ती, फ्री गंज चौराहे पर पानी भर गया। मंदसौर में शिवना नदी, नाहरगढ़ बिल्लोद पुलिया के ऊपर से बह रही है। भानपुरा में बड़ा महादेव स्थित झरना बहने लगा है।

यहां देखें मौसम विभाग द्वारा जारी वीडियो बुलेटिन…

दो बड़े डैमों के खोले गए गेट

भारी बारिश के चलते प्रदेश के 2 बड़े डैमों के गेट भी खोलने पड़े हैं। जलस्तर बढ़ने की वजह से मंगलवार सुबह जबलपुर के बरगी बांध के 9 गेट खोल दिए गए। इनसे 1097 क्यूसेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा गया। डैम के गैट खोलने से मंडला, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम में नदी किनारे के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। नर्मदापुरम में तवा डैम के भी 3 गेट दो-दो फीट की ऊंचाई तक खोलकर 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

प्रदेश में अभी तक 35.5 इंच बारिश

मध्यप्रदेश में 16 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। उसके बाद से अब तक औसत 35.5 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 28.6 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 6.9 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। प्रदेश की सामान्य औसत बारिश 37 इंच है। इस हिसाब से कोटे की 96 प्रतिशत तक बारिश हो चुकी है। अब बारिश का कोटा पूरा होने में मात्र डेढ़ इंच बारिश की दरकार है।

❓ FAQ

Q1. कल मध्यप्रदेश में बारिश होगी या नहीं?
👉 हाँ, मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है।

Q2. किन जिलों में ज्यादा बारिश हो सकती है?
👉 झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, कटनी, मंडला, शहडोल और अनूपपुर सहित कई जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी।

Q3. बरगी डैम के कितने गेट खोले गए हैं?
👉 जबलपुर के बरगी डैम के 9 गेट खोले गए हैं।

Q4. तवा डैम से कितना पानी छोड़ा जा रहा है?
👉 तवा डैम के 3 गेट खोलकर करीब 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

Q5. डैम के गेट खोलने से किन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है?
👉 मंडला, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम में नदी किनारे बसे गांवों को अलर्ट किया गया है।

Q6. अब तक प्रदेश में कितनी बारिश हो चुकी है?
👉 16 जून से अब तक मध्यप्रदेश में औसत 35.5 इंच बारिश दर्ज की गई है।

Q7. क्या भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है?
👉 नहीं, मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है, केवल सामान्य बारिश और गरज-चमक का पूर्वानुमान है।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.in से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.in

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

Leave a Comment