Weather Update MP: मध्यप्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कड़ाके की ठंड ने एक बार फिर प्रदेश में पलटवार किया है। कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान शून्य पर आ गया है। अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा भी छा रहा है। वहीं 10 जनवरी से अगले 3 दिनों तक कई जिलों में बारिश की चेतावनी भी मौसम विभाग ने दी है।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा 8 जनवरी, 2025 को जारी बुलेटिन में जानकारी दी गई है कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रतलाम, सिवनी, नीमच में शीत लहर का प्रभाव रहा। भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर में तीव्र शीत लहर का प्रभाव रहा। राजगढ़, धार, रीवा, सिंगरौली में शीतल दिन रहा। न्यूनतम तापमान भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, शहडोल संभागों के जिलों में विशेष रूप से गिरे; इंदौर, जबलपुर संभागों के जिलों में काफी गिरे एवं शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। वे भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन संभागों के जिलों में सामान्य से काफी कम रहे; इंदौर, जबलपुर संभागों के जिलों में सामान्य से कम रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे।
इन जिलों में छाया कोहरा
प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, उत्तरी छतरपुर और मऊगंज जिलों में घना कोहरा छाया रहा; मुरैना, दतिया, निवाड़ी, दक्षिणी छतरपुर, दमोह, कटनी, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, उमरिया, शहडोल, सिंगरौली, जबलपुर, मंडला, अनूपपुर और उत्तरी डिंडौरी जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। प्रदेश में सबसे कम दृश्यता 100 मीटर ग्वालियर एयरपोर्ट में दर्ज की गयी।
तापमान की यह रही स्थिति
प्रदेश में सबसे कम 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान पचमढ़ी में दर्ज किया गया। वहीं राजगढ़ में 1.6, शाजापुर के गिरवर में 2, सीहोर में 2.7, भोपाल में 3.6, बैतूल में 6.7, बड़वानी में 6.7, छिंदवाड़ा में 5.6, सिवनी में 8.6, धार में 5.8, नर्मदापुरम में 9.4, इंदौर में 6.6, देवास में 10.6, उज्जैन में 6, रतलाम में 5.8, रायसेन में 5.1, मंडला में 5.1, जबलपुर में 7, अनूपपुर में 6.5, उमरिया में 5.5, नीमच में 4.7, रतलाम में 5.8, गुना में 5.4, सागर में 7.1, दमोह में 7.5, ग्वालियर में 6.6, शिवपुरी में 7.6, निवारी 6.8, टीकमगढ़ में 6.5, खजुराहो में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान खंडवा में 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी को श्योपुर, गुना और अशोक नगर में बारिश की संभावना है। 11 जनवरी को रायसेन, विदिशा, सागर, दमोह, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, ग्वालियर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मुरैना, भिंड जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं 12 जनवरी को डिंडोरी, दमोह, पन्ना, सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना जिलों में बारिश होने की संभावना है।
अगले 24 घंटों में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राजगढ़ जिले में शीतलहर चलेगी और शीतल दिन की स्थिति भी रहेगी। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, नर्मदापुरम्, बैतूल, शाजापुर जिलों में शीतलहर चलेगी। ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना जिलों में घना कोहरा छाएगा। सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में मध्यम कोहरा छाएगा वहीं शीतल दिन रहेगा। मंदसौर, नीमच जिलों में शीतल दिन रहेगा। वहीं अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, मैहर जिलों में हल्का कोहरा छाएगा।
जेट स्ट्रीम हवाएं ला रही उत्तर भारत से ठंड
बताया जाता है कि उत्तरी भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 268 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है। यह हवाएं ही उत्तर भारत से ठंडी हवाएं ला रही है। वहीं 10 जनवरी से अगले पश्चिमी विक्षोभ द्वारा पश्चिमोत्तर भारत को प्रभावित करने की संभावना है।