MP Weather Update: फरवरी में पहली बार 5 के नीचे आया पारा, 19 जिलों में रही कड़ाके की ठंड, आज से मिलेगी राहत

By
On:

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में इस साल ठंड बार-बार पलटवार कर रही है। इस बार लौटी ठंड ने एक बार फिर प्रदेश को ठिठुरा दिया है। आलम यह है कि फरवरी में पहली बार तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। बीती रात प्रदेश के 19 जिले कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में रहे। हालांकि आज से तापमान में इजाफा होने की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है।

मौसम केंद्र भोपाल द्वारा 9 फरवरी को जारी बुलेटिन के अनुसार शनिवार-रविवार की रात प्रदेश के शहडोल स्थित कल्याणपुर में 4.6 और अशोक नगर के आंवरी में 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर अधिकतम तापमान में भी खासी गिरावट आई है। प्रदेश में ठंड किस कदर कोहराम मचा रही है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फरवरी माह में 8 तारीख को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान मंडला में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

बीते 24 घंटों में शीत प्रभाव वाले जिलों में शहडोल, अशोकनगर, मंडला, नौगाँव, पचमढ़ी, सिंगरौली शामिल रहे। वहीं कम शीत प्रभाव वाले जिलों में उमरिया, खजुराहो, राजगढ़, शाजापुर, ग्वालियर, अनूपपुर, मलांजखंड, सतना, जबलपुर, नीमच, सतना, टीकमगढ़, रीवा शामिल रहे। इन जिलों में कड़ाके की ठंड रही।

इन जिलों के लिए यह दिए सुझाव

मौसम विभाग ने सलाह दी है कि इन जिलों में छोटे बच्चों के विद्यालयों में शीत आधारित अवकाश का निर्णय लिया जा सकता है। प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में शीत जनित रोगियों के उपचार की विशेष व्यवस्था की जा सकती है। दैनिक कर्मचारियों और मजदूरों के रात्रि या सुबह के समय खुले में काम करने पर रोक लगाई जा सकती है।

इन जिलों में सबसे कम रहा तापमान

शनिवार-रविवार की रात में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से कम वाले जिलों में शहडोल 4.6, अशोकनगर 4.8, मंडला 5.8, नौगांव 6, पचमढ़ी 6.8, सिंगरोली 6.9, उमरिया 7, खजुराहो 7.2, राजगढ़ 7.6, शाजापुर ग्वालियर 8 अनूपपुर 8.6, मलांजखंड 8.7, सतना 9, जबलपुर 9.5, नीमच 9.6, सतना 9.6, टीकमगढ़ 9.7, रीवा 9.8, रायसेन 10, दमोह 10, गुना 10.2, भोपाल 10.6, निवाड़ी 10.6, शिवपुरी 10.9, सीहोर 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश में अधिकतम तापमान की स्थिति

वहीं दूसरी ओर प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी खासी गिरावट आई है। कल सबसे ज्यादा 30.5 डिग्री तापमान मंडला में रहा। वहीं उज्जैन में 30, बड़वानी के तालुन में 29.8, बैतूल में 29.7 और छिंदवाड़ा में 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि आज किसी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले 3 दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।

इसलिए पड़ रही प्रदेश में कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम-उत्तर भारत में शनिवार को 12.6 किलोमीटर ऊपर 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवा चली। दूसरी ओर पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। यह हवाएं वहीं से ठंडी हवाएं लेकर आ रही है और प्रदेश को भी ठंडा कर रही हैं।

यहां देखें मौसम विभाग द्वारा जारी वीडियो बुलेटिन…

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

Leave a Comment