White Clay Mine MP: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले के भैंसदेही तहसील अंतर्गत ग्राम निंभोरा में खनिज विभाग द्वारा व्हाईट क्ले (सफेद मिट्टी) खनिज की खोज कर उसे सफलतापूर्वक ई-निविदा के माध्यम से नीलाम किया गया है। यह उपलब्धि जिले के खनिज क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस मिट्टी का उपयोग कई उद्योगों में होता है वहीं सौंदर्य प्रसाधन के रूप में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है।
इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी मनीष पालेवार ने बताया कि खनिज विभाग द्वारा तहसील भैंसदेही क्षेत्रांतर्गत ग्राम पलासखेड़ी में पूर्व से व्हाईट क्ले के लिए खनिज पट्टा स्वीकृत रहा है, जो कि वर्तमान में शिथिल है। उक्त स्वीकृत क्षेत्र में कार्य प्रारंभ किये जाने के लिए नियमानुसार प्रस्ताव शासन को पूर्व में प्रेषित किया जा चुका है। उसी स्वीकृत क्षेत्र से संलग्न क्षेत्र में व्हाईट क्ले खनिज जैसे महत्वपूर्ण गौण खनिज की उपलब्धता की जांच के लिए 20 जनवरी 2024 को उप संचालक खनि प्रशासन एवं खनि अमले द्वारा निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान हुई थी पुष्टि (White Clay Mine MP)
निरीक्षण के दौरान ग्राम निंभोरा तहसील भंैसदेही के खसरा क्रमांक 25/1 व 26, रकबा 16.200 हेक्टेयर क्षेत्र पर खनिज व्हाईट क्ले के लिए ब्लॉक का चिन्हांकन किया गया। उक्त चिन्हित क्षेत्र के संबंध में समस्त वांछित अनापत्तियां प्राप्त की जाकर रकबा 14.011 हेक्टेयर क्षेत्र उपलब्ध होना पाया गया।
समिति ने की आवंटन की अनुशंसा (White Clay Mine MP)
तकनीकी समिति द्वारा व्हाईट क्ले खनिज के लिए समेकित अनुज्ञप्ति में ई-निविदा के माध्यम से ब्लॉक आवंटन की अनुशंसा प्रदान की गई, जिसके पश्चात उक्त उपलब्ध क्षेत्र पर खनिज व्हाईट क्ले का ई-निविदा का प्रस्ताव संचालक प्रशासन तथा खनिकर्म भोपाल को 19 नवम्बर 2024 का प्रेषित किया गया।
ई-निविदा के जरिए हुई नीलामी (White Clay Mine MP)
उपरोक्त के क्रम में शासन द्वारा ग्राम निंभोरा तहसील भैंसदेही के खसरा क्रमांक 25/1 व 26, रकबा 14.011 हेक्टेयर क्षेत्र पर खनिज व्हाईट क्ले के लिए ब्लॉक को ई-निविदा के माध्यम से 12 अप्रैल 2025 को उच्चतम बोलीदार के पक्ष में आवंटित किया गया।
युवाओं के मिल सकेंगे रोजगार (White Clay Mine MP)
बैतूल जिले में पूर्व से स्वीकृत व्हाईट क्ले खनिज पट्टा के अतिरिक्त एक नई व्हाईट क्ले की खदान आवंटित होने से खनिज विभाग बैतूल की बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। इससे ग्रामीण अंचल में युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे एवं साथ ही शासन को राजस्व आय की भी बढ़ोत्तरी होगी।