बैतूल (नितिन अग्रवाल) (Today Accident News)। मध्यप्रदेश के बैतूल में इटारसी रोड स्थित गाड़ाघाट तिराहे के पास गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक के जेब से मिले एक बिल के आधार पर उसकी पहचान हुई। मृतक अपनी बाइक की मरम्मत करवा कर घर वापस लौट रहा था। इसी बीच हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुन्ना धुर्वे (35 वर्ष) निवासी जमदेही (आमला) के रूप में हुई है। घटना तब हुई जब बाइक चालक खड़ी स्कॉर्पियो कार से जा टकराया। बताया जाता है कि बाइक चालक अपनी बाइक की मरम्मत करवाकर वापस लौट रहा था। घटना के बाद उसे प्राइवेट एंबुलेंस की सहायता से बैतूल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल उमाकांत मिश्रा ने जिला चिकित्सालय में मृतक की जेब की तलाशी ली, जिसमें बैतूल ऑटो मोबाइल्स वर्कशॉप का बिल मिला। इससे मृतक की पहचान हो सकी। इसके साथ ही, मृतक की जेब से 11,270 रुपये नकद भी मिले। इस पर हेड कांस्टेबल उमाकांत मिश्रा ने तुरंत मौके पर मौजूद लोगों को नकद राशि दिखाई और कहा कि यह राशि मृतक के परिजनों को सौंप दी जाएगी।
उन्होंने कहा, हमारा कर्तव्य है कि हम मृतक के परिजनों को उनकी संपत्ति सुरक्षित लौटाएं। साथ ही उन्होंने बताया कि मृतक के शव को बैतूल जिला चिकित्सालय के मर्चुरी में रखा गया है। सुबह परिजनों के आने के बाद उसका पोस्टमार्टम कर जाएगा।