Tenduye ka video: सावधान… शहर में घुसा तेंदुआ, भीड़ देख पेड़ पर चढ़ा, लोगों में दहशत, वन विभाग ने किया अलर्ट

By
On:

विनोद पातरिया, घोड़ाडोंगरी (Tenduye ka video)। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के सारनी नगर पालिका क्षेत्र में रिहायशी इलाके में वन्य प्राणियों की मौजूदगी लगातार बनी है। इससे वन विभाग भी अनजान नहीं है। बावजूद इसके, वन्य प्राणियों के रिहायशी क्षेत्र में आवागमन को रोकने कोई खास कारगार कदम नहीं उठाए जा रहे है। इसके चलते कभी भी कोई भी वन्य प्राणी रहवासी क्षेत्र में दस्तक दे देते हैं।

इससे आम नागरिकों के साथ ही वन्य प्राणियों पर भी खतरा बना रहता है। बार-बार सुरक्षा इंतजामात को लेकर दिए जा रहे सुझाव के बावजूद वन विभाग द्वारा फेंसिंग नहीं की गई है। इसके चलते जंगली जानवर रहवासी क्षेत्र में घुस रहे हैं। बीती रात भी सारनी शहर की एबी टाइप कॉलोनी में तेंदुए ने दस्तक दे दी। हालांकि रहवासियों की सूझबूझ से कोई हादसा नहीं हुआ। समय रहते सभी लोग सतर्क हो गए। वहीं तेंदुआ भी बढ़ती हलचल को देख पेड़ पर चढ़ गया। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोग सहम गए।

तेंदुआ को देखने उमड़ पड़े लोग

शहर की एबी टाइप कॉलोनी में एक बार फिर तेंदुआ दिखाई देने की खबर कॉलोनी में जंगल की आग की तरफ फैल गई। कुछ ही देर में दर्जनों लोग अपने चार पहिया वाहन लेकर तेंदुआ दिखाई देने वाले स्थान पर पहुंच गए। कोई कार में बैठकर तेंदुए का वीडियो शूट करते रहे तो कोई फोटोग्राफी करते रहे। यह सिलसिला करीब 30 मिनट तक चला।

सूचना मिलते ही पहुंचा वन अमला

इसके बाद सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंची और लोगों को समझाइश दी। एसडीओ अजय वाहने और रेंजर एस नायक भी मौके पर पहुंचे थे। यहां पर बीते दिनों वन विभाग द्वारा तेंदुए को कैद करने सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे। लेकिन, उस समय सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ कैद नहीं हुआ।

तेंदुए के साथ नहीं दिखा शावक

अक्टूबर और नवंबर माह में एबी टाइप कॉलोनी में कई बार तेंदुए के साथ शावक देखा गया। लेकिन, बीती रात तेंदुए के साथ शावक नहीं दिखा। जबकि मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी द्वारा पानी की टंकी, जहां पर अक्सर तेंदुए को देखा जाता है, वहां लगी झाड़ियां कटवा दी गई है ताकि जंगली जानवर की मूवमेंट मिलने पर सभी को सतर्क किया जा सके। इस बार तेंदुआ पूरी तरह वीडियो और फोटो में कैद हुआ, लेकिन शावक कहीं पर भी नजर नहीं आया। तेंदुए के साथ शावक दिखाई नहीं देना स्थानीय वन विभाग की मुश्किलें बढ़ाने जैसा है।

यहां देखें तेंदुए वीडियो…

बैठी रहती है गाय और बछिया

जंगल से सटे एबी टाइप कॉलोनी में अक्सर गाय बछिया का झुंड रात के समय सड़क के ऊपर बैठे नजर आते हैं। संभवत जंगली जानवर उन्हीं का शिकार करने कॉलोनी में पहुंच रहे हैं। सोमवार रात जहां तेंदुआ देखा गया है, वहां पर काफी संख्या में गाय बछिया बैठी थी। जंगली जानवर को देखकर अक्सर यह पालतू पशु डरकर भागने लगते हैं। इतना ही नहीं बंदर भी आवाज करते हैं और कुत्ते भौंकते हैं।

इसलिए जरुरी है फेंसिंग करना

यदि समय रहते मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी या फिर वन विभाग द्वारा कॉलोनी से लगे जंगल वाले क्षेत्र में फेंसिंग नहीं की गई तो जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ती रहेगी। ऐसा इसीलिए कहा जा रहा है क्योंकि पहले भी रहवासी क्षेत्र में टाइगर की मौजूदगी देखी जा चुकी है। इस बारे में वन विभाग के एसडीओ अजय वाहने ने बताया कि तेंदुए की मूवमेंट की जानकारी मिलने पर वन विभाग द्वारा सर्चिंग कार्य किया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

अन्य खबरें

Leave a Comment