Rajsva Mahaabhiyan 3.0 : बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशानुरूप जन सामान्य के नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि राजस्व से जुड़े प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए राजस्व महा अभियान 3.0 का जिले में सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के दिशा निर्देशन में राजस्व महाअभियान और राजस्व महाअभियान 2.0 के सफल क्रियान्वयन के पश्चात अब राजस्व महाअभियान 3.0 का भी सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। 15 नवंबर से प्रारंभ राजस्व अभियान 3.0 की कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
राजस्व महाअभियान की प्रगति की प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के समीक्षा के साथ मौका स्थलों पर जाकर भी कलेक्टर द्वारा निरीक्षण किया जा रहा हैं। जिसका परिणाम है कि बैतूल जिला इस महाअभियान के नामांतरण, विवादित बटवारा, अविवादित बंटवारा, सीमांकन, नक्शा दुरुस्ती आदि विभिन्न पैरामीटर पर प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है। नामांतरण और अभिलेख दुरुस्ती में जिला प्रदेश में अव्वल है। इसी प्रकार जिला बंटवारा, अभिलेख दुरुस्ती परंपरागत रास्तों का चिन्हांकन में प्रदेश के प्रथम पांच जिलों में शामिल हैं।
पंजीकृत 1023 प्रकरणों में से 840 का निराकरण
आंकड़ों के आधार पर 15 नवंबर तक की स्थिति में पंजीकृत 1023 नामांतरण के प्रकरणों में से 840 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। 82.11 प्रतिशत नामांतरण के प्रकरणों के निराकरण के साथ जिले की रैंक प्रदेश में प्रथम हैं। सीमांकन के दर्ज 411 प्रकरणों में से 404 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। सीमांकन के 98.30 प्रतिशत प्रकरणों के निराकरण के साथ जिला प्रदेश के प्रथम 5 जिलों में शामिल हैं। बंटवारा और परंपरागत रास्तों के चिन्हांकन में भी जिला अग्रणी है।
अभिलेख दुरुस्ती के मामले में प्रदेश में प्रथम
अभियान के तहत नवीन दर्ज प्रकरणों में अभिलेख दुरुस्ती के दर्ज 211 प्रकरणों में से 210 प्रकरणों के निराकरण के साथ जिले की रैंक प्रदेश में प्रथम है। वही परंपरागत रास्तों के चिन्हांकन के नवीन दर्ज 153 प्रकरणों में से 40 प्रकरणों का निराकरण किया गया हैं। 73.86 प्रतिशत प्रकरणों के निराकरण के साथ जिले की रैंक प्रदेश में दूसरी हैं। सीमांकन, बटवारा और नामांतरण के भी नवीन दर्ज प्रकरणों का भी सतत निराकरण किया जा रहा। हाल ही में प्रारंभ शासन की योजना फार्मर रजिस्ट्री के भी पंजीकृत 268399 प्रकरणों के विरुद्ध 51423 प्रकरणों का निराकरण किया किया गया है। शेष दर्ज प्रकरणों का भी अभियान अंतर्गत निराकरण के निर्देश समस्त राजस्व अधिकारियों को दिए गए हैं।
प्रथम पेशी पर ही बंटवारे के प्रकरण का समाधान
राजस्व महाअभियान 3.0 अंतर्गत ग्राम धोसरा तहसील आमला निवासी मीना पति कुवरलाल द्वारा दिए गए बटवारा के आवेदन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए मध्यप्रदेश भू राजस्व संहिता की धारा 178 में निहित प्रावधानों के तहत सभी सह खातेदारों की आपसी सहमति से प्रथम पेशी पर ही आवेदित भूमि का बटवारा कर संशोधित खसरा नकल आवेदक को प्रदाय की गई। जिस पर आवेदक मीनाबाई ने तहसीलदार आमला को धन्यवाद ज्ञापित किया।
निर्धारित समय सीमा में निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने समस्त राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान अंतर्गत विभिन्न राजस्व प्रकरणों में सतत सुनवाई कर उनका निर्धारित समय सीमा में निराकरण कराएं। सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी के स्टार पर सतत मॉनिटरिंग करें और अभियान में प्रगति बनाएं रखें।