Mahatma Gandhi Samman: गणतन्त्र दिवस को रवीन्द्र भवन भोपाल में मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग के द्वारा आयोजित अलंकरण समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने साहित्य, कला, संस्कृति, समाजसेवा के क्षेत्र में सुदीर्घ साधना एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभूतियों को शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया। इस हेतु बैतूल की भारत भारती शिक्षा समिति को महात्मा गाँधी राष्ट्रीय सम्मान गांधी जी के आदर्शों के अनुरूप शिक्षा स्वास्थ्य, जल, कृषि, युवा विकास, पर्यावरण, कला संस्कृत के आदर्श सिद्धांतों के साथ, ग्राम विकास, सामाजिक समरसता तथा स्वावलंबन, समाज निर्माण के कार्यों के लिए निरंतर कई वर्षों से बेहतर कार्य करने हेतु वर्ष 2023 का अलंकरण प्रदान किया गया।
यह सम्मान जल प्रहरी, भारत भारती शिक्षा समिति के सचिव मोहन नागर व विद्या भारती के प्रान्त सह संगठन मन्त्री अनिल अग्रवाल ने राज्यपाल के हाथों ग्रहण किया। इस अवसर पर सन्देश वाचन में भारत भारती द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा की गई।
राज्यपाल श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि हमारी बहुरंगी लोक जीवन की मान्यताएं, नैतिक मूल्य और जीवन दर्शन, हजारों वर्षों की हमारी लोक संस्कृति की निरंतरता का विशाल खजाना है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन कला, संस्कृति के विभिन्न स्वरूपों और आयामों की निरंतरता को पीढ़ी दर पीढ़ी प्रवाहित करते हैं। हमारी सांस्कृतिक विविधताओं में निहित भावनात्मक एकता से परिचय करा कर राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीयता को मज़बूत बनाते हैं। राज्यपाल श्री पटेल ने युवाओं से अपनी संस्कृति के संरक्षण के लिए जनजातीय सेनानियों के अदम्य शौर्य, साहस, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध होने का आव्हान किया। उन्होंने समाजसेवा में कार्य कर रही संस्थाओं को बधाई दी।
प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होने पर भारत भारती के सचिव मोहन नागर ने कहा कि यह संस्था के लिए गौरव के क्षण हैं। इसके लिए संस्था के कार्यकर्ताओं की सुदीर्घ साधना, जनजाति शिक्षा, समाजसेवा तथा जल व पर्यावरण संरक्षण में सतत कार्य का परिणाम है। अब संस्था की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। भारत भारती संस्था अब मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में भी अपने सेवा कार्यों का विस्तार करेगी। इस अवसर पर देश के अनेक मूर्धन्य विद्वानों, समाजसेवी संस्थाओं को राज्यपाल सम्मानित किया गया।