BJP Sangathan Parv 2024 : बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व सदस्यता अभियान 2024 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय विजय भवन में आगामी मंडल गठन के निमित्त जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न हुई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पूर्व विधायक सूदर्शन गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सच्चे अर्थों में लोकतंत्र में निहित पार्टी है। हम संगठन चुनाव के माध्यम से संगठन को सर्व स्पर्शी सर्वव्यापी एवं सर्व समावेशी बनाने का कार्य करते हैं। संगठन चुनाव में आधुनिक तकनीक से लैस गुणात्मक एवं परिणाम मूलक कार्यकर्ताओं की टोली तैयार करते हैं।
श्री गुप्ता ने कहा कि मंडल अध्यक्ष के लिए सक्रिय सदस्य होना जरूरी है। इसी के साथ-साथ अधिकतम 45 वर्ष तक की आयु होनी चाहिए। श्री गुप्ता ने कहा कि मंडल के वरिष्ठ नेताओं और जन प्रतिनिधियों से बातचीत कर समन्वय के साथ एक आदर्श मंडल अध्यक्ष बनें, इसलिए हमें एक मत से मंडल गठन प्रक्रिया को पार्टी और देश के हितों को ध्यान में रखते हुए संपन्न करनी है। साथ-साथ हमें यह भी ध्यान रखना है कि अनुषांगिक संगठन के योग्य व क्षमतावान कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य बने।
तीन चरणों में चला संगठन पर्व
तीन चरणों में संगठन पर्व पूरे उत्साह के साथ चला है। इस दौरान प्राथमिक सदस्य, सक्रिय सदस्य और बूथ समिति का गठन हुआ है। उन्होंने मंडल के सहयोगियों से कहा कि ऑफ लाईन सदस्यता की रसीद बुकें समय पर जिला कार्यालय में जमा करवाएं, जिससे कि उन्हें भी सक्रिय सदस्य बनाया जा सकता है। अगले पंद्रह दिनों में मंडलों का गठन होगा।
जिले में बनाए गए इतने सदस्य
इससे पूर्व स्वागत भाषण भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला ने संगठन पर्व के तीन चरणो पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रथम चरण में हमने 2 लाख 52 हजार प्राथमिक सदस्य ऑनलाईन बनाए। वहीं जहां नेटवर्क की समस्या थी, वहां ऑफलाईन सदस्यता अभियान चलाया। द्वितीय चरण में सक्रिय सदस्य बनाने के साथ-साथ तीसरे चरण में हमने 100 प्रतिशत बूथ समितियों का गठन किया है। इसके लिए आप सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।
कार्यशाला में यह रहे प्रमुख रूप से मौजूद
कार्यशाला का संचालन जिला सह निर्वाचन अधिकारी व जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने किया व आभार जिला महामंत्री सुधाकर पंवार ने व्यक्त किया। इस दौरान मंच पर सह जिला निर्वाचन अधिकारी वसंत बाबा माकोडे, विधायक हेमंत खंडेलवाल, डॉ. योगेश पंडाग्रे, महेन्द्रसिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख, गंगा उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष, मंडल सहयोगी कार्यकर्ता, जिला पंचायत, जनपद, नगर पालिका, परिषद के अध्यक्ष उपस्थित रहे।