BJP ke naye jila adhyaksh: बैतूल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए जिला अध्यक्ष को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहे इंतजार और कयासों का दौर आखिरकार आज खत्म हो ही गया। पार्टी ने नए जिला अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता सुधाकर पंवार को सौंपी है। बुधवार शाम को भाजपा के जिला चुनाव अधिकारी सुदर्शन गुप्ता ने प्रदेश चुनाव अधिकारी विवेक शेजवलकर की सहमति से उनके नाम की घोषणा की।
बैतूल बाजार निवासी और नए जिला अध्यक्ष श्री पंवार भाजपा के वरिष्ठ और समर्पित नेता हैं। पार्टी में उनकी निष्ठा और सक्रियता को लंबे समय से सराहा गया है। इससे पहले, वे भाजपा के जिला महामंत्री के रूप में अपनी संगठन क्षमता और सर्वप्रियता का लोहा मनवा चुके हैं। इस पद रहते हुए उन्होंने पार्टी के विभिन्न अभियानों और गतिविधियों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। उनकी कुशल नेतृत्व क्षमता के चलते उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यकर्ताओं में बेहद लोकप्रिय
अपनी मिलनसारिता और मृदु स्वाभाव के चलते श्री पंवार कार्यकर्ताओं में भी बेहद लोकप्रिय हैं। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तहसील बौद्धिक प्रमुख के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
रह चुके नगर परिषद अध्यक्ष
श्री पंवार नगर परिषद बैतूल बाजार के अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं क्षत्रिय पवार समाज के सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दी। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने नगर और समाज के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए और उनके हित के लिए कई पहल की।